अन्य खेल

मुख्यमंत्री विजय ने खेला प्रज्ञानंदा के साथ चेस, बातचीत के बीच थमाया लाखों का चेक

CM Vijay Plays Chess with Praggnanandhaa: नॉर्वे चेस (Norway Chess) का ऐतिहासिक खिताब जीतकर चेन्नई लौटे ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंदा से मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने मुलाकात की। इस सम्मान समारोह के दौरान सीएम विजय ने प्रज्ञानंदा के साथ चेस खेला और उन्हें लाखों का चेक सौंपा। जानिए चेस बोर्ड पर क्या हुआ।
2 min read
• •
Jun 08, 2026
CM Vijay, Praggnanandhaa, CM Vijay Plays Chess with Praggnanandhaa Norway Chess, Tamil Nadu CM Vijay
मुख्यमंत्री विजय ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानंदा के साथ चेस खेलते हुए (Photo - Screengrab)

CM Vijay Plays Chess with Praggnanandhaa: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी जोसेफ विजय ने सोमवार को चेन्नई में आयोजित एक विशेष सम्मान समारोह के दौरान भारत के युवा ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंदा से मुलाकात की। नॉर्वे चेस का ऐतिहासिक खिताब जीतने पर मुख्यमंत्री ने 20 साल के इस युवा खिलाड़ी को बधाई दी और तमिलनाडु सरकार की तरफ से उन्हें 50 लाख रुपये का बड़ा नकद पुरस्कार (चेक) सौंपा। इस दौरान खेल मंत्री आधव अर्जुना और प्रज्ञानंदा की मां नागालक्ष्मी भी वहां मौजूद थीं।

इस मुलाकात का सबसे दिलचस्प मोड़ तब आया जब सीएम विजय ने प्रज्ञानंदा के साथ चेस बोर्ड पर हाथ आजमाया। दोनों के बीच एक अनौपचारिक और क्विक गेम खेला गया। मैच में उम्मीद के मुताबिक प्रज्ञानंदा ने दबदबा बनाया और जीत हासिल की, लेकिन मुख्यमंत्री की चेस स्किल्स ने इस इंटरनेशनल चैंपियन को भी हैरान कर दिया।

'मुझे उम्मीद नहीं थी कि मुख्यमंत्री इतना अच्छा चेस खेलेंगे'

समारोह के बाद मीडिया से बात करते हुए प्रज्ञानंदा ने कहा, 'मुझे इसकी बिल्कुल उम्मीद नहीं थी। मैंने कभी किसी से नहीं सुना था कि मुख्यमंत्री विजय चेस खेलते हैं। उन्होंने ही मुझसे बोर्ड लाने को कहा। हमने गोटियां सजाईं और अचानक खेल शुरू कर दिया। उन्होंने वाकई बहुत अच्छा खेला। जब मैंने उनसे पूछा कि वह कब चेस खेलते हैं, तो उन्होंने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ खेलते हैं। भले ही मैच मैं जीता, लेकिन वह बहुत बढ़िया खेले।'

नॉर्वे में रचा था इतिहास

प्रज्ञानंदा का चेन्नई में यह भव्य स्वागत ओस्लो (नॉर्वे) में उनके चमत्कारी प्रदर्शन के बाद हुआ है। नॉर्वे चेस 2026 टूर्नामेंट में प्रज्ञानंदा शुरुआत में काफी पीछे चल रहे थे और पांचवें-छठे राउंड के बाद सबसे नीचे थे। लेकिन इसके बाद उन्होंने लगातार चार मैच जीतकर शानदार वापसी की। उन्होंने वर्ल्ड नंबर 1 मैग्नस कार्लसन को दो बार हराया और आखिरी राउंड में विंसेंट कीमर को मात देकर 18 अंकों के साथ खिताब अपने नाम कर लिया।

यह जीत प्रज्ञानंदा के लिए एक बड़ी वापसी है, क्योंकि इससे पहले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था। इसके अलावा इस साल उनकी बड़ी बहन आर वैशाली ने भी विमेंस कैंडिडेट्स टूर्नामेंट जीता है, जो चीन की जू वेनजुन के खिलाफ वर्ल्ड चैंपियनशिप खिताब के लिए खेलेंगी।

Updated on:
08 Jun 2026 02:17 pm
Published on:
08 Jun 2026 02:17 pm
Also Read
View All