
नई दिल्ली। राष्ट्रमंडल खेल 2018 का शुभारंभ आज से होने जा रहा है। आस्ट्रेलिया के गोल्ड कोस्ट में आयोजित 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेने के लिए दुनिया के 71 देशों के एथलीट पहुंच चुके है। ये 71 देश वे है, जो पहले कभी ग्रेट ब्रिटेन के उपनिवेश हुआ करते थे। इसमें एशिया, अफ्रीका, आस्ट्रेलिया और युरोप के कई देश शामिल है। खेल के इस महाकुंभ के आगाज से पहले आईए जानते है इसके इतिहास के बारे में ...
एश्ले कूपर के मन में आया था विचार -
ब्रिटिश साम्राज्य के अधीन आने वाले देशों के बीच एक खेल प्रतियोगिता आयोजित करने का विचार सबसे पहले ब्रिटिश नागरिक एश्ले कूपर के दिमाग में आया था। एश्ले कूपर ब्रिटिश साम्राज्य में एक अधिकारी थें। उन्होंने उस समय की मशहूर समाचार पत्र द टाइम्स एक आलेख लिखा था। इस आलेख में उन्होंने इस खेल आयोजन की पुरजोर पैरवी की थी। शुरुआती कुछ कठिनाइयों के बाद कूपर अपने विचार को हकीकत की धरातल पर उतारने में कामयाब हुए। उन्होंने 1928 में कनाडा के प्रमुख एथलीट बॉबी रॉबिन्सन को पहले राष्ट्रमंडल खेलों की जिम्मेदारी दी गई।
साल 1930 में पहली बार हुआ आयोजन -
दो साल बाद साल 1930 में कनाड़ा में पहली बार राष्ट्रमंडल खेल का आयोजन किया गया। इसमें 11 देशों के लगभग 400 खिलाडि़यों ने हिस्सा लिया। शुरूआत में इसका नाम ब्रिटिश एम्पायर गेम्स और ब्रिटिश कॉमनवैल्थ गेम्स के नाम से इन खेलों को जाना जाता था। लेकिन 1978 में इसका अधिकारिक नाम कॉमनवैल्थ गेम्स या राष्ट्रमंडल खेल हो गया।
1998 से टीम स्पर्धा की हुई शुरुआत -
पहले इस आयोजन में केवल सिंगल्स प्रतिस्पर्धाएं ही होती थीं। लेकिन साल 1998 में क्रिकेट, हॉकी और नेट-बॉल जैसी टीम स्पर्धाएं भी इसमें शामिल की गई। ओलिम्पिक मशाल की तरह ही राष्ट्रमंडल खेलों में भी क्वीन्स बेटन रिले होती है। सबसे पहले इसे 1958 में ब्रिटेन के कार्डिक में शुरू किया गया था। बेटन रिले बकिंघम प्लैस से शुरू होकर सभी राष्ट्रमंडल देशों का सफर तय कर आयोजन स्थल पर सम्पन्न होती है।