अन्य खेल

India vs Pakistan Hockey Asian Games Semifinal: भारत ने रोमांचक मुकाबले में पाकिस्तान को 4-3 से हराया, फाइनल का टिकट कटाया

India beat Pakistan: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 4-3 से हराया। भारतीय पुरुष हॉकी टीम पाकिस्तान के खिलाफ 2016 से नहीं हारी है। भारत ने एशियन गेम्स 2026 के ग्रुप स्टेज में सभी पांचों मैच जीते थे। भारत ने ग्रुप स्टेज में इंडोनेशिया को 13-1, श्रीलंका को 16-1, दक्षिण कोरिया को 8-2, जापान को 2-0 और बांग्लादेश को 10-0 से हराया है।
2 min read
• •
Oct 01, 2026
India vs Pakistan Hockey Asian Games Semifinal
भारतीय पुरुष हॉकी टीम (Photo Credit- Hockey India)

India vs Pakistan: भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान को हराकर 14वीं बार एशियन गेम्स के फाइनल में प्रवेश कर लिया है। काकामिगहारा स्थित गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में खेले गए कड़े मुकाबले में भारतीय टीम ने गुरुवार को पाकिस्तान को 4-3 से हराया। इस जीत के साथ ही भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने पाकिस्तान के खिलाफ लगातार अपना 21वां मैच जीत लिया है। गोल्ड मेडल के मुकाबले में भारत का सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।

एशियन गेम्स 2026 के सेमीफाइनल में भारत और पाकिस्तान के बीच मुकाबला बेहद कड़ा रहा। पहले हाफ में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने 3-0 की बढ़त बनाई, लेकिन बाद में हरमनप्रीत सिंह एंड कंपनी ने ढिलाई बरती। इसका फायदा पाकिस्तान ने उठाया। पाकिस्तान ने पहले हाफ के आखिर में गोल दाग स्कोर 3-1 कर दिया।

दूसरे हाफ में पाकिस्तान ने जबरदस्त तरीके से वापसी की और दो गोल दाग स्कोर 3-3 से बराबर कर दिया। इसके बाद दोनों टीमें गोल के मौके तलाशती नजर आईं। हालांकि मैच की समाप्ति से महज 49 सेकेंड पहले अभिषेक ने गोल करके भारत को एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में पहुंचा दिया। भारत ने यह मुकाबला 4-3 से जीता।

कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल दागे

भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने दो गोल (5वें और 13वें मिनट) दागे, जबकि सुखजीत सिंह ने 23वें और अभिषेक ने 60वें मिनट में गोल किया। वहीं पाकिस्तान की तरफ से अबु मोहम्मद ने 30वें, हन्नान शाहिद ने 45वें और वाहिद अशरफ राणा ने 49वें मिनट में गोल दागा।

1998 के बाद पहला मौका जब…

वर्ष 1998 के बाद यह पहला मौका है, जब भारत की महिला और पुरुष हॉकी टीमों ने एक ही संस्करण के फाइनल में जगह बनाई है। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने एशियन गेम्स 2026 सेमीफाइनल में पाकिस्तान पर जीत के साथ ही एक और पदक पक्का कर लिया है। भारतीय मेंस हॉकी टीम अब लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक का टिकट हासिल करने से अब महज एक जीत दूर हैं।

एशियन गेम्स में भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने जीते हैं 4 गोल्ड मेडल

एशियन गेम्स के इतिहास में पाकिस्तान की पुरुष हॉकी टीम ने सबसे ज्यादा 8 गोल्ड मेडल (1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990 और 2010) जीते हैं। पाकिस्तान ने एशियन गेम्स में अपना आखिरी स्वर्ण पदक 2010 में जीता था। वहीं, भारत और दक्षिण कोरिया की टीमें 4-4 बार स्वर्ण पदक जीतने में सफल रही हैं। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशियन गेम्स के 1966, 1998, 2014 और 2023 के संस्करणों में यह उपलब्धि हासिल की है। इसके अलावा, भारत ने एशियन गेम्स के 1958, 1962, 1970, 1974, 1978, 1982, 1990, 1994 और 2002 के संस्करणों में रजत पदक जीते हैं।

Updated on:
01 Oct 2026 03:27 pm
Published on:
01 Oct 2026 02:42 pm