Women Hockey Team में दो बदलाव किए गए हैं। सुनीता लाकरा और ज्योति की जगह टीम में शर्मिला देवी और रीना खोखर को शामिल किया गया है।
नई दिल्ली : हॉकी इंडिया ( Hockey India ) ने टेस्ट इवेंट के लिए 18 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम ( Indian women hockey team ) की घोषणा की है। महिला हॉकी टीम कोच शुअर्ड मारेन के मार्गदर्शन में जापान में 17 से 21 अगस्त तक होने वाले इस टेस्ट इवेंट में भाग लेगी। टीम की कप्तान रानी रामपाल ( Rani Rampal ) होंगी, जबकि उपकप्तानी का जिम्मा गोलकपीर सविता को दी गई है।
टीम में हुए दो बदलाव
टेस्ट इवेंट के लिए टीम में दो बदलाव किया गया है। हिरोशिमा में हुए एफआईएच वीमेंस सीरीज फाइनल्स में खेली टीम में से सुनीता लाकरा और ज्योति को बाहर कर दिया गया है। इनके स्थान पर युवा खिलाड़ी शर्मिला देवी और रीना खोखर को जगह दी गई है।
ओलंपिक क्वालिफायर में खेलने से पहले सुधार की जरूरत
मारेन ने कहा कि उनकी टीम को टेस्ट इवेंट में हॉकी की तीन शीर्ष देशों के खिलाफ खेलना है और इसे लेकर वह उत्सुक है। वह इन तीनों टीमों को बेहतरीन मानते हैं। उन्होंने बताया कि टेस्ट इवेंट के लिए 18 खिलाड़ियों का दल चुना है, लेकिन ओलंपिक मानकों के अनुसार सिर्फ 16 खिलाड़ियों को इसमें खेलने की इजाजत होगी। वह इस टूर्नामेंट में यह देखना चाहेंगे कि इन टीमों के खिलाफ उनकी टीम का प्रदर्शन कैसा रहता है। क्योंकि इसके बाद 2020 में टोक्यो में होने वाले ओलंपिक के लिए हमें क्वालिफायर खेलना है। इस टेस्ट इवेंट से पता चलेगा कि उससे पहले टीम में क्या-क्या सुधार करने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि टीम का प्रदर्शन चाहे जैसा भी रहे इस दौरे से अच्छा सबक मिलेगा। इस इवेंट में भारत को ऑस्ट्रेलिया और चीन जैसी शीर्ष टीमों के खिलाफ खेलना है।
टीम : सविता, रजनी आदिमारपु, दीप ग्रेस एक्का, रीना खोखर, गुरजीत कौर, सलीमा टेटे, निशा, सुशीला चानू पुखरंबम, निक्की प्रधान, मोनिका, लिलिमा मिंज, नेहा गोयल, रानी रामपाल, नवनीत कौर, वंदना कटारिया, लालरेमसियामी, नवजोत कौर और शर्मिला देवी।