अन्य खेल

CWG 2026: बॉक्सिंग में लगातार तीसरा गोल्ड जीतने से चूका भारत, 55 किलोग्राम वर्ग में जादुमणि सिंह को सिल्वर से करना पड़ा संतोष

भारतीय बॉक्सर जादुमणि सिंह ने 55 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है। उन्हें फ़ाइनल मुक़ाबले में ऑस्ट्रेलिया के जे डिक्सन से 5-0 से हार का सामना करना पड़ा है।
2 min read
Aug 01, 2026
CWG 2026
जादुमणि सिंह ने 55 किलोग्राम वर्ग में सिल्वर मेडल जीता है (photo - IANS)

Jadumani Singh Mandengbam, Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी है। महिला बॉक्सर प्रीति पवार और जैस्मिन लम्बोरिया के बाद अब पुरुष बॉक्सर जादुमणि सिंह ने भी भारत को एक और मेडल दिलाया है। हालांकि वे गोल्ड मेडल नहीं जीत पाए और 55 किलोग्राम वर्ग के फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन के खिलाफ 0-5 से हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा है। भारत बॉक्सिंग में लगातार तीसरा गोल्ड मेडल जीतने से चूक गया है।

पहले राउंड में डिक्सन के खिलाफ 3-2 से जीत हासिल की

जादुमणी सिंह ने खिताबी मैच के पहले राउंड में ऑस्ट्रेलिया के जाई डिक्सन के खिलाफ 3-2 से जीत हासिल की। इस दौरान उन्हें 3 रेफरी ने 10-10 अंक दिए थे। इसके बाद अगले राउंड में डिक्सन ने दबदबा दिखाते हुए पांचों जजों से 10-10 अंक हासिल किए। डिक्सन दूसरे राउंड की समाप्ति तक 20-18 से आगे थे। तीसरे राउंड में डिक्सन एक बार फिर हावी नजर आए। उन्हें सभी 5 जजों से 10-10 अंक मिले, जिसने ऑस्ट्रेलियाई मुक्केबाज के लिए गोल्ड मेडल सुनिश्चित कर दिया।

जादुमणी सिंह का शानदार प्रदर्शन

इससे पहले, जादुमणी सिंह ने 'राउंड ऑफ-32' में स्कॉटलैंड के एरन कलन को 5-0 से मात दी थी। इसके बाद उन्होंने पाकिस्तान के सुमामा रहमान को 5-0 से हराया। क्वार्टर फाइनल में जाम्बिया के म्वेंगो म्वाले को 5-0 से हराने के बाद भारतीय बॉक्सर ने सेमीफाइनल में नामीबिया के फिलिप पुमुलो मुटाकेला हाओसेब को एकतरफा अंदाज में 5-0 से धूल चटाई थी।

मणिपुर में जन्मे एमेच्योर बॉक्सर जादुमणी सिंह देश के सबसे होनहार युवा बॉक्सरों में से एक हैं, जिन्होंने अपनी तेजी, तकनीकी सटीकता और लगातार लड़ने के अंदाज के लिए पहचान बनाई। अपने करियर की शुरुआत में बड़ी चुनौतियों का सामना करने के बाद, जादुमणी ने नेशनल और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। उन्होंने 2026 सीनियर नेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप का खिताब जीता और उन्हें टूर्नामेंट का 'बेस्ट बॉक्सर' चुना गया।

जादुमणी सिंह का करियर

जादुमणी सिंह ने वर्ल्ड बॉक्सिंग कप, वर्ल्ड चैंपियनशिप और एशियन बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वह अपने तेज हाथों और शोमैनशिप वाले बॉक्सिंग स्टाइल के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने वर्ल्ड बॉक्सिंग कप 2025 में सिल्वर जीतने के बाद उस्ति नाद लाबेम ग्रैंड प्रिक्स 2026 में देश को गोल्ड जिताया था।

जादुमणि की बाउट से पहले, शनिवार को दो महिला मुक्केबाजों ने भारत को गोल्ड दिलाए। 54 किलोग्राम प्रतियोगिता में भारत की प्रीति पवार ने कनाडा की स्कार्लेट सवाना डेलगाडो के खिलाफ 5-0 से धूल चटाई, जिसके बाद जैस्मिन ने महिलाओं के 57 किलोग्राम भार वर्ग में नॉर्दन आयरलैंड की माइकेला वाल्श को 5-0 से शिकस्त देकर खिताब अपने नाम किया था।

Updated on:
01 Aug 2026 05:23 pm
Published on:
01 Aug 2026 05:11 pm