अन्य खेल

पीकेएलः दबंग दिल्ली ने तेलुगू टाइटंस को रोमांचक मुकाबले में दी शिकस्त

पीकेएल के इतिहास में दिल्ली की तेलुगू पर 12 मैचों में यह तीसरी जीत
less than 1 minute read
Sep 17, 2019
delhi_beat_telugu.jpg

पुणे। प्रो कबड्डी लीग ( पीकेएल ) के 7वें सीजन में तूफानी प्रदर्शन कर रही दबंग दिल्ली ने लीग के एक रोमांचक मुकाबले में तेलुगू टाइटंइस को 37-29 से हरा दिया। पीकेएल के इतिहास में दिल्ली की तेलुगू पर 12 मैचों में यह तीसरी जीत है, जबकि इस सीजन में दिल्ली की तेलुगू पर लगातार दूसरी जीत है।

इस जीत के बाद दिल्ली अब अंक तालिका में 16 मैचों में 69 अंकों के साथ पहले स्थान पर कायम है, जबकि तेलुगू टाइटन्स इस हार के बाद भी 11वें स्थान पर बरकरार है।

दबंग दिल्ली के जीत के हीरो नवीन कुमार रहे, इन्हों एक बार फिर सुपर-10 लगाया और 12 रेड प्वाइंट्स लिए। उन्होंने अपने ही रिकॉर्ड को और आगे बढ़ाते हुए इस सीजन का 15वां और लगातार 14वां सुपर-10 हासिल किया।

श्री शिव छत्रपति स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में खेले गए मुकाबले में तेलुगू की ओर से सिद्धार्त देसाई ने भी सुपर-10 पूरा किया और कुल 12 रेड प्वाइंट्स लिए।

पहले हाफ के खत्म होने से ठीक पहले दबंग दिल्ली ने तेलुगू को ऑल आउट करते हुए हाफ टाइम तक 18-15 की बढ़त ले ली थी।

दूसरे हाफ में दिल्ली ने बेहतरीन खेल दिखाया और 31वें मिनट में 11 अंकों की बढ़त बना ली। इसके बाद व्हिसल बजते ही दबंग दिल्ली ने तेलुगू को 37-29 से शिकस्त दे दी।

Published on:
17 Sept 2019 10:56 am