
भारतीय मुक्केबाज अंकुश ने क्वार्टरफाइनल में बनाई जगह (सोर्स:ANI)
Commonwealth Games 2026: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारतीय मुक्केबाजों का शानदार प्रदर्शन जारी है। भारत के अंकुश और सचिन ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। अब दोनों मुक्केबाज पदक सुनिश्चित करने से सिर्फ एक जीत दूर हैं।
बता दें पुरुषों के 80 किलोग्राम वर्ग में भारत के अंकुश ने राउंड ऑफ-16 के मुकाबले में एंटीगा और बारबुडा के जालान को 5-0 से हराकर क्वार्टरफाइनल में प्रवेश किया। 2025 वर्ल्ड बॉक्सिंग कप फाइनल्स के रजत पदक विजेता अंकुश ने शुरुआत से अंत तक मुकाबले पर पूरा नियंत्रण बनाए रखा। उन्होंने तीनों राउंड अपने नाम किए और पांचों जजों से पूरे 10 अंक हासिल करते हुए सर्वसम्मत फैसले से जीत दर्ज की। अब उनके अगले प्रतिद्वंद्वी का फैसला होना बाकी है। यदि अंकुश अगला मुकाबला जीतते हैं तो उनका कम से कम कांस्य पदक पक्का हो जाएगा।
पुरुषों के 60 किलोग्राम वर्ग में भारत के सचिन ने मेजबान इंग्लैंड के विलियम हेविट को 4-1 के स्प्लिट डिसीजन से हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई। घरेलू दर्शकों के समर्थन के बावजूद हेविट भारतीय मुक्केबाज के सामने टिक नहीं सके।
सचिन ने पूरे मुकाबले में शानदार तकनीक, सटीक पंच और बेहतरीन रणनीति का प्रदर्शन किया। कजाकिस्तान, कनाडा, मैक्सिको और मोरक्को के जजों ने मुकाबला 29-27 से सचिन के पक्ष में दिया, जबकि तुर्की के जज ने 29-27 से हेविट को विजेता माना।
मुकाबले के दौरान सचिन का एक अंक काटा गया, लेकिन इसका नतीजे पर कोई खास असर नहीं पड़ा। उन्होंने लगातार साफ पंच लगाए, मुकाबले की रफ्तार अपने नियंत्रण में रखी और आक्रामक होने के साथ संयमित खेल दिखाया।
अंकुश और सचिन दोनों के क्वार्टरफाइनल में पहुंचने से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 की मुक्केबाजी स्पर्धा में भारत की पदक उम्मीदें और मजबूत हो गई हैं। अब दोनों खिलाड़ियों के पास सेमीफाइनल में पहुंचकर देश के लिए कम से कम कांस्य पदक सुनिश्चित करने का मौका होगा।
वहीं कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत की वेटलिफ्टर ज्ञानेश्वरी यादव ने महिलाओं की 53 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए सिल्वर मेडल जीता। उन्होंने कुल 199 किलोग्राम वजन उठाया, जिसमें स्नैच में 88 किलोग्राम और क्लीन एंड जर्क में 111 किलोग्राम शामिल था। क्लीन एंड जर्क और कुल वजन, दोनों में यह उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन रहा। नाइजीरिया की दीदीह ओनोमे ओमोलोला ने 206 किलोग्राम के साथ गोल्ड मेडल जीता, जबकि कनाडा की रेबेका ग्रौल्क्स ने ब्रॉन्ज़ मेडल अपने नाम किया।
Updated on:
27 Jul 2026 08:04 pm
Published on:
27 Jul 2026 08:04 pm
