
जकार्ता : भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु ( PV Sindhu ) का इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन ( Indonesia Open Badminton ) टूर्नामेंट में विजयी अभियान जारी है। पांचवीं सीड सिंधु ने शुक्रवार को खेले गए महिला एकल क्वार्टर फाइनल मुकाबले में विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज और टूर्नामेंट में तीसरी सीड जापान की नोजोमी ओकुहारा को सीधे दो गेम में 21-14, 21-7 से हराकर अंतिम चार में प्रवेश कर लिया। सिंधु यह मैच मात्र 44 मिनट में अपने नाम कर लिया। इसी के साथ उनका ओकुहारा के साथ जीत हार का ट्रैक रिकॉर्ड 8-7 का हो गया। इससे पहले दोनों एक दूसरे के खिलाफ 7-7 मुकाबला जीतकर बराबरी पर थीं।
सेमीफाइनल में चीन की चेन यू फेई से भिड़ेंगी
अब सेमीफाइनल में सिंधु का सामना विश्व नंबर तीन तथा टूर्नामेंट में दूसरी सीडेड खिलाड़ी चीन की चेन यू फेई से होगा। करियर रिकॉर्ड की बात करें तो सिंधू का पलड़ा भारी नजर आता है। उनके और चेन यू फेई के बीच अब तक सात मुकाबले खेले गए हैं। इसमें सिंधू 4-3 से उनसे आगे हैं।
इससे पहले गुरुवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले में सिंधू ने डेनमार्क की मिया ब्लिचेफेल्डट को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 21-14, 17-21, 21-11 से मात दी थी। यह मुकाबला एक घंटे दो मिनट तक चला था।