अमेरिकी पेशेवर टेनिस खिलाड़ी जेंसन ब्रूक्सबी का चौंकाने वाला खुलासा करते हुए बताया कि वह ऑटिज्म से पीडि़त हैं और चार साल की उम्र तक तो बोल भी नहीं पाते थे।
अमेरिका के पेशेवर टेनिस खिलाड़ी जेंसन ब्रूक्सबी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है कि वे ऑटिज्म से पीडि़त हैं और चार साल की उम्र तक बोल नहीं पाते थे। एटीपी रैंकिंग में 33वें नंबर के खिलाड़ी जेंसन ने एक इंटरव्यू में बताया कि कैसे टेनिस ने उनके जीवन को नई राह दिखाई, जिस पर चलकर वे अपनी बीमारी से काफी हद तक उबरने में सफल रहे। 24 वर्षीय अमेरिकी खिलाड़ी ने अपनी इस सफलता का सारा श्रेय माता-पिता को दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि मैं भाग्यशाली हूं कि मेरे माता-पिता ने कभी हार नहीं मानी और मुझे आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
जेंसन ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिख इसका खुलासा किया। उन्होंने लिखा, अब समय आ गया है कि मैं कुछ ऐसा साझा करूं,जिसके बारे में मैंने अब तक चुप्पी साधे रखी। मुझे बहुत कम उम्र में ही इस गंभीर बीमारी का पता चल गया था। मैं चार साल की उम्र तक बोल नहीं पाता था। इसके लिए मुझे हर सप्ताह करीब 40 घंटे की गहन थैरेपी से गुजरना पड़ता था। मेरे माता-पिता ने हमेशा मेरा हौंसला बढ़ाया और मुझे ये सब सहने की हिम्मत दी।
जेंसन ने बताया कि ऑटिज्म से उबरने में खेलों ने उनकी बहुत मदद की है। उन्होंने कहा, मैं टेनिस के अलावा बास्केटबॉल, तैराकी और एथलेटिक्स भी करता था, जिससे मेरी ऊर्जा सही जगह खर्च हो सके। मेरी मां ने हर कदम पर मेरा साथ दिया। मैं आज जहां, उनके बिना यह संभव नहीं होता। मैंने अपनी यह कहानी इसलिए साझा की है ताकि मेरे जैसे कई युवा प्रेरित हो सकें और इस बीमारी को मात दे सकें।
यह भी पढ़ें : Good News: मुक्केबाजी को ओलंपिक 2028 में शामिल किया गया
2021 में यूएस ओपन के चौथे दौर तक पहुंचकर जेंसन ने अपनी श्रेष्ठता साबित की। वे 19 साल के बाद यूएस ओपन के चौथे दौर में पहुंचने वाले सबसे कम उम्र के अमरीकी खिलाड़ी बन गए थे। उन्हें दोनों कलाइयों की सर्जरी करानी पड़ी और एंटी डोपिंग नियमों का उल्लंघन करने के कारण 12 महीने का प्रतिबंध भी झेला। दरअसल अपने स्थान का पता नहीं देने के कारण उन पर वाडा ने प्रतिबंध लगाया था। लेकिन जेंसन ने इंडियन वेल्स ओपन से कोर्ट पर वापसी की।
जेंसन ने कहा, कोर्ट पर अगर मुझे दर्द महसूस होता है या कोई और समस्या होती है तो मैं हमेशा खुद से यही कहता हूं कि मैं स्वस्थ और मजबूत हूं। मैं स्टेडियम में मौजूद भीड़ या दबाव से विचलित नहीं होता हूं और अपने खेल पर ध्यान केंद्रित करता हूं।