श्रेयसी ने महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा के फाइनल्स में पहला स्थान हासिल कर सोना जीता।
नई दिल्ली। भारत की दिग्गज महिला निशानेबाज श्रेयसी सिंह ने यहां जारी 21वें राष्ट्रमंडल खेलों में बुधवार को सातवें दिन भारत की झोली में 12वां स्वर्ण पदक डाला। श्रेयसी ने महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा के फाइनल्स में पहला स्थान हासिल कर सोना जीता। हालांकि, इसी स्पर्धा में एक अन्य भारतीय निशानेबाज वर्षा वर्मन कांस्य पदक हासिल करने से एक अंक से चूक गईं।
रजत को गोल्ड में तब्दील किया
साल 2014 में ग्लोस्गो में आयोजित 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में श्रेयसी ने इसी स्पर्धा में रजत पदक जीता था और इस बार वह अपने पदक के रंग को बदलने में सफल रहीं। श्रेयसी ने शूट-ऑफ में आस्ट्रेलिया की एमा कोक्स को एक अंक से हराते हुए स्वर्ण पदक जीता। उन्होंने कुल 98 अंक हासिल किए। सभी चार स्तरों में कुल 96 अंक हासिल करने के साथ उन्होंने शूट-ऑफ में अपने दोनों निशाने सही लगाए और जीत हासिल की।
एमा ने हासिल किए 96 अंक
एमा को इस स्पर्धा में रजत पदक हासिल हुआ। उन्होंने भी सभी चार स्तरों में 96 अंक हासिल किए थे। वहीं उन्होंने शूट-ऑफ में दो निशानों में से एक गलत लगाया और इस कारण वह दूसरे स्थान पर रहीं। स्कॉटलैंड की लिंडा पियरसन ने 87 अंकों के साथ कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। पियरसन ने भारत की वर्षा से एक अंक आगे रहते हुए तीसरा स्थान हासिल किया। वर्षा ने कुल 86 अंक हासिल किए थे।
भारत ने अब तक जीते 23 पदक
महिलाओं की डबल ट्रैप स्पर्धा को ही फाइनल माना जाता है और ऐसे में 26 वर्षीया श्रेयसी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सोना जीता। 2014 में ग्लास्गो में पीठ में दर्द के बावजूद श्रेयसी ने इस स्पर्धा में हिस्सा लिया और 20वें राष्ट्रमंडल खेलों का रजत पदक जीता था। भारत इस राष्ट्रीयमंडल खेल में 23 पदक जीत चुका है। भारत ने अब तक 12 स्वर्ण 4 रजत और 7 कांस्य पदक अपने झोली में डाल चुका है।