
Asian Para Games 2026: जापान के आइची-नागोया में भारतीय पैरा तीरंदाज स्वाति चौधरी ने गुरुवार को इतिहास रच दिया। एशियन पैरा गेम्स 2026 में महिलाओं के W1 इंडिविजुअल तीरंदाजी इवेंट के फाइनल में उन्हें चीन की मेंगकान सेन से 4-6 से शिकस्त मिली। इस हार के चलते उन्हें सिल्वर मेडल से संतोष करना पड़ा। चौधरी के मेडल ने मौजूदा एशियन पैरा गेम्स में भारत का 63वां मेडल और कॉम्पिटिशन के चौथे दिन देश का पहला मेडल दिलाया। इससे भारतीय दल के लिए एक और मेडल से भरा दिन शुरू होने की उम्मीद है।
भारत के अब तक जीते गए 63 मेडल में से 14 गोल्ड, 22 सिल्वर और 27 ब्रॉन्ज हैं। स्वाति के पास मौजूदा इन खेलों में तीरंदाजी में भारत की झोली में पहला गोल्ड मेडल डालने का मौका था। उन्होंने तीन एंड के बाद 4-2 की बढ़त भी बना ली थी। हालांकि, मेंगकान सेन ने शानदार वापसी करते हुए फाइनल 6-4 से जीत लिया, जिससे भारतीय तीरंदाज को सिल्वर मेडल मिला। इससे पहले कॉम्पिटिशन के तीसरे दिन भारत एशियन पैरा गेम्स 2026 की ओवरऑल स्टैंडिंग में छठे से पांचवें स्थान पर आ गया।
भारतीय एथलीटों ने तीसरे दिन गेम्स कई रिकॉर्ड तोड़े, पर्सनल बेस्ट बनाया और आइची-नागोया में एक इवेंट में तीनों मेडल भी जीते। थ्रोइंग एरीना दिन का हाईलाइट रहा। भारत ने मेन्स शॉट पुट F46 में तीनों मेडल जीते। सचिन ने अपनी पहली ही कोशिश में 15.79m के गेम्स रिकॉर्ड के साथ गोल्ड जीता, उनके सभी थ्रो 15m से ज्यादा थे। मोहम्मद यासर ने 15.06m के सीजन-बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर जीता, जबकि प्रवीण ने 13.83m के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। आयुष वर्मा ने मेन्स शॉट पुट F53 में 8.16m के थ्रो के साथ गोल्ड जीता। भाग्यश्री जाधव ने विमेंस शॉट पुट F34 में 8.19m के पर्सनल बेस्ट के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि रवि रोंगाली ने मेन्स शॉट पुट F40 में 10.02m के थ्रो के साथ ब्रॉन्ज़ मेडल जीता।
मंजीत ने मेन्स जेवलिन थ्रो F13 में 61.03m के करियर-बेस्ट थ्रो के साथ सिल्वर मेडल जीता, जबकि सुखचियन ने मेन्स जेवलिन थ्रो F55 में 29.94m के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। करमज्योति ने विमेंस डिस्कस थ्रो F55 में 21.60m के पर्सनल बेस्ट के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता। हैनी ने मेन्स डिस्कस थ्रो F37 में भी 57.04m के पर्सनल बेस्ट के साथ ब्रॉन्ज मेडल जीता, जो 2022 एडिशन में इस इवेंट में भारत के सातवें स्थान पर रहने से काफी बेहतर है।