अन्य खेल

Syed Modi Badminton 2018: समीर वर्मा की खिताबी जीत, सायना और डबल्स ने गंवाए स्वर्णिम मौके

समीर वर्मा ने पिछले साल बी. साई प्रणीत को हराकर सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप का खिताब अपने नाम किया था।
2 min read
Nov 26, 2018
sameer verma
Syed Modi Badminton 2018: समीर वर्मा की खिताबी जीत, सायना और डबल्स ने गंवाए स्वर्णिम मौके

नई दिल्ली। मौजूदा चैम्पियन समीर वर्मा ने रविवार को शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी बार सैयद मोदी अंतर्राष्ट्रीय बैडमिंटन चैम्पियनशिप का खिताब जीत लिया जबकि महिला एकल में सायना नेहवाल खिताब जीतने से चूक गईं। समीर ने पिछले साल बी. साई प्रणीत को हराकर यह खिताब अपने नाम किया था। उन्होंने इस साल भी यह खिताब बरकरार रखा है। इसके साथ ही भारतीय मेंस डबल्स और विमेंस डबल्स की जोड़ियों को भी फाइनल मुकाबलों में हार का मुंह देखना पड़ा।


समीर ने जीता गोल्ड-
टूर्नामेंट में तीसरी वरीयता प्राप्त समीर ने पुरुष एकल के फाइनल में छठी वरीयता प्राप्त चीन के लु गुआंग्झु को तीन गेम तक चले कड़े और संघर्षपूर्ण मुकाबले में 16-21, 21-19, 21-14 से मात देकर खिताब अपने नाम किया। समीर ने एक घंटे 10 मिनट में यह मैच जीता। वर्ल्ड नंबर-16 समीर की वर्ल्ड नंबर-36 गुआंग्झु के खिलाफ यह पहली जीत है।इस जीत के साथ ही उन्होंने इस साल आस्ट्रेलियन ओपन में गुआंग्झु से मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है। उन्होंने अब गुआंग्झु के खिलाफ अपना करियर रिकॉर्ड 1-1 का कर लिया है।


सायना चौथे सैयद मोदी खिताब से चूकीं-
वहीं, बड़े उलटफेर का शिकार होकर सायना नेहवाल चौथे खिताब से चूक गईं। वर्ल्ड नम्बर-9 सायना को महिला एकल वर्ग के फाइनल में चीन की हान युए ने मात दी। चीन की वर्ल्ड नम्बर-27 खिलाड़ी हान ने 35 मिनट तक चले मुकाबले में सायना को सीधे गेमों में 21-18, 21-8 से हराकर खिताब जीता। हान इस टूर्नामेंट को जीतने वाली चीन की दूसरी महिला खिलाड़ी बन गई हैं। सायना ने 2009, 2014 और 2015 में इस चैम्पियनशिप को अपने नाम किया था लेकिन वह चौथी बार इसे जीतने में नाकाम रहीं।


वीमेन डबल्स में भी हार-
युगल में भारत को निराशा हाथ लगी। अनुभवी महिला युगल जोड़ी अश्विनी पोनप्पा और एन. सिक्की रेड्डी को महिला युगल वर्ग के फाइनल में हार मिली।फाइनल में वर्ल्ड नम्बर-25 जोड़ी अश्विनी और सिक्की को मलेशिया की चाउ मेइ कुआन और ली मेंग यीन की जोड़ी ने मात दी और खिताब अपने नाम कर लिया। मेइ और मेंग की वर्ल्ड नम्बर-19 जोड़ी ने फाइनल में 45 मिनट तक चले मुकाबले में भारत की अश्विनी और सिक्की की जोड़ी को सीधे गेमों में 21-15, 21-13 से मात दी।


मेंस डबल्स में भी गंवाया स्वर्णिम मौका-
पुरुष युगल में भी भारतीय जोड़ी खिताब नहीं जीत पाई। सात्विक साईराज रेंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी को फाइनल में इंडोनेशिया की फजर अल्फियान और मोहम्मद रियान की जोड़ी ने मात दी। पुरुष युगल वर्ग के खिताबी मुकाबले में सात्विक-चिराग की जोड़ी को फजर और रियान की जोड़ी ने 38 मिनटों के भीतर 21-11, 22-20 से मात दी। इस हार के कारण सात्विक और चिराग की जोड़ी सैयद मोदी चैम्पियनशिप खिताब जीतने वाली पहली भारतीय पुरुष युगल जोड़ी बनने का इतिहास अपने नाम नहीं कर सकी।

Published on:
26 Nov 2018 09:16 am
Also Read
View All