पीवी सिंधु ने लखनऊ में खेले जा रहे सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया।
Syed Modi International 2024: दो बार की ओलंपिक पदक विजेता भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने महिला एकल मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए शनिवार को सैयद मोदी इंडिया इंटरनेशनल 2024 बैडमिंटन टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश किया।
29 वर्षीय अनुभवी भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने फाइनल में हमवतन 17 वर्षीय उन्नति हुड्डा को 21-12, 21-13 से आसानी से हराया। बीडब्ल्यूएफ रैंकिंग में 18वें नंबर की भारतीय शटलर पीवी सिंधु ने हुड्डा से यह मुकाबला 35 मिनट में जीत लिया। अब टूर्नामेंट के महिला एकल फाइनल में एक दिसंबर को भारतीय शटलर पीवी सिंधु का सामना 119वीं रैंकिंग पर काबिज चीन के लुओ यू वू से होगा।
वहीं, मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला और तनीषा क्रैस्टो की भारतीय जोड़ी ने फाइनल में प्रवेश किया है। भारतीय जोड़ी ने चीन के झोउ झी होंग और यांग जिया यी को 21-16, 21-15 से हराया। भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने यह मुकाबला 42 मिनट में जीता। अब ध्रुव और तनीषा क्रैस्टो की मिश्रित युगल जोड़ी फाइनल में थाइलैंड की डेचापोल पुवारानुक्रोह और सुपिसारा पेसमप्रान से भिड़ेगी।
एक अन्य मुकाबले में शनिवार को ही तनिषा क्रैस्टो और अश्विनी पोनप्पा की महिला युगल जोड़ी सेमीफाइनल खेलेगी। लक्ष्य सेन, प्रियांशु राजावत, महिला युगल जोड़ी त्रिषा जॉली और गायत्री गोपीचंद, पुरुष युगल जोड़ी पृथ्वी कृष्णमूर्ति रॉय- के साई प्रतीक और ईशान भटनागर-शंकर प्रसाद उदयकुमार भी शनिवार को खेलेंगे।