अन्य खेल

अब ओलम्पिक पदक जीतना चाहती हैं भारतीय टेबल टेनिस प्लयेर मणिका बत्रा

कॉमनवेल्थ गेम्स और एशियन गेम्स में पदक जीतने वाली भारत की स्टार टेबल टेनिस प्लेयर मणिका बत्रा अब ओलम्पिक में अपना परचम लहराना चाहती हैं।

3 min read
manika
अब ओलम्पिक पदक जीतना चाहती हैं भारतीय टेबल टेनिस प्लयेर मणिका बत्रा

नई दिल्ली। भारत में टेबल टेनिस की नई पहचान बन चुकी स्टार महिला खिलाड़ी मणिका बत्रा का कहना है कि अब उनका एक मात्र लक्ष्य ओलम्पिक पदक जीतना है। राष्ट्रमंडल और एशियाई खेलों में कुल पांच पदक जीतकर इतिहास बनाने वाली टेबल टेनिस स्टार मणिका बत्रा ने गुरूवार को कहा कि अब उनका एकमात्र लक्ष्य विश्व रैकिंग में टॉप-30 में जगह बनाना और अगले ओलम्पिक में देश के लिए पदक जीतना है। मणिका ने हर्बललाइफ न्यूट्रिशन इंडिया के साथ जुडऩे के बाद दिल्ली में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में कहा, मैंने इन दोनों प्रतिष्ठित खेल आयोजनों में पदक जीते जिससे मैं बहुत खुश हूं। मैंने इस दौरान विश्व की चौथे नंबर और 20वें नंबर की खिलाड़ी को हराया जिससे मेरा मनोबल काफी मजबूत हुआ है।

अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित होंगी मणिका-
दिल्ली की इस खिलाड़ी ने गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों में दो स्वर्ण सहित चार पदक जीते और इंडोनेशिया एशियाई खेलों में पहली बार देश को कांस्य पदक दिलाया। मणिका को इस उपलब्धि के लिए प्रतिष्ठित अर्जुन पुरस्कार के लिए चुना गया है। मणिका ने इस अवार्ड के लिए चुने जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मैं अब ओलम्पिक के लिए कड़ी मेहनत करूंगी और 2020 ओलम्पिक में पदक जीतने के लिए पूरा जोर लगाउंगी। मेरा अब एक ही लक्ष्य है विश्व रैकिंग में टॉप-30 में जगह बनाना और ओलम्पिक पदक जीतना।

खेल रत्न विवाद पर ये बोली मणिका-
आत्मविश्वास के सातवें आसमान पर पहुंच चुकी मणिका ने दावा किया कि अब चीनी खिलाडिय़ों को हराना संभव है। उन्होंने कहा, कि पहले हमारे दिमाग में रहता था कि चीनी खिलाडिय़ों को हराना बहुत मुश्किल काम है लेकिन अब हमारे खिलाड़ी अंतर्राष्ट्रीय टूर्नामेंटों में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अब हमें यह भरोसा हो गया है कि हमारे खिलाड़ी चीनी खिलाडिय़ों को भी हरा सकते हैं। अर्जुन पुरस्कार के लिए चुनी गयी मणिका से यह पूछने पर कि क्या उनका नाम देश के सर्वोच्च पुरस्कार राजीव खेल रत्न के लिए प्रस्तावित किया गया था, तो मणिका कुछ असमंजस में दिखाई दीं और उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि मेरा नाम अर्जुन अवार्ड के लिए भेजा गया था और मुझे इस पुरस्कार के लिए भी बहुत खुशी है।

टेटे महासंघ महासचिव ने मामले पर दी सफाई-
इस बीच जब भारतीय टेबल टेनिस महासंघ के महासचिव एमपी सिंह से इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, हमने मणिका का नाम खेल रत्न और उनके कोच संदीप गुप्ता का नाम द्रोणाचार्य पुरस्कार के लिए भेजा था। मणिका को इस बार खेल रत्न नहीं मिला लेकिन उम्मीद है कि उन्हें अगले वर्ष इस पुरस्कार के लिए विचार किया जाएगा। हम अगले वर्ष भी उनका नाम खेल रत्न के लिए भेजेंगे। अपने कोच संदीप गुप्ता पर द्रोणाचार्य के लिए विचार न किये जाने पर मणिका ने किसी भी तरह के विवाद से बचते हुए कहा कि हर खिलाड़ी की यह इच्छा होती है कि उसके कोच को द्रोणाचार्य मिले लेकिन यह सरकार का फैसला है और मैं इस फैसले का पूरा सम्मान करती हूं। मैं बहुत खुश हूं और मुझे पूरी उम्मीद है कि उन्हें आगे जाकर यह सम्मान जरूर मिलेगा।

हर्बल लाइफ से जुड़ी मणिका बत्रा-
इस करार के साथ मणिका अब हर्बल लाइफ के परिवार में शामिल हो गयी हैं जिसमें भारतीय क्रिकेट कप्तान विराट कोहली और बैडमिटंन स्टार सायना नेहवाल पहले से ही शामिल हैं। इस अवसर पर हर्बल लाइफ न्यूट्रिशन इंडिया के उपाध्यक्ष और कंट्री हेड अजय खन्ना ने मणिका का हर्बल लाइफ परिवार में स्वागत करते हुए कहा कि हम मणिका का अपने परिवार में स्वागत करते हैं। उनमें खेल के लिए जुनून है और वह ऐसी यूथ आइकन बन गयी हैं जिनका अनुसरण देश का युवा करना चाहता है। हमारे ब्रांड मूल्यों और मणिका के बीच बहुत समानता है। मणिका ने भी इस ब्रांड से जुडऩे पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मैं हर्बल लाइफ से जुड़कर काफी रोमांचित हूं। मेरा भी सपना था कि जिस ब्रांड के साथ विराट और सायना जैसे दिग्गज खिलाड़ी जुड़े हुए हैं मैं भी उससे जुड़ूं और आज मेरा यह सपना पूरा हो गया है। मैं अब स्वस्थ लाइफ स्टाइल के लिए जागरूकता फैलाने में हर्बल लाइफ की मदद करूंगी।

Published on:
20 Sept 2018 09:24 pm
Also Read
View All
विनेश फोगाट का टूटा एशियन गेम्स खेलने का सपना, ट्रायल्स में हारने के बाद WFI अध्यक्ष को किया यह इशारा, Video वायरल

Vinesh Phogat को लेकर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, एशियन गेम्स 2026 के सेलेक्शन ट्रायल में ले सकेंगी हिस्सा

Vinesh Phogat Comback: रेसलर विनेश फोगाट को दिल्ली हाईकोर्ट से राहत, WFI को फटकार, एशियन गेम्स के ट्रायल में हिस्सा लेने की अनुमति मिली

विनेश फोगाट की याचिका पर हाईकोर्ट का डब्ल्यूएफआई को नोटिस, त्काल राहत देने से इनकार, 6 जुलाई को अगली सुनवाई

Thailand Open 2026: सात्विक साईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने कटाया फाइनल का टिकट, इतिहास रचने से मात्र एक कदम दूर