
Vivaan Kapoor: भारत के विवान कपूर भले ही इतिहास रचने से चूक गए हों, लेकिन उन्होंने गुरुवार को ISSF विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की ट्रैप स्पर्धा में सिल्वर मेडल जीतकर जश्न मनाने का मौका हासिल कर लिया है। दरअसल, 24 वर्षीय भारतीय निशानेबाज ने अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर भारत के लिए 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक का कोटा स्थान भी हासिल कर लिया है।
जयपुर के रहने वाले 24 वर्षीय विवान कपूर फाइनल मुकाबले में 30 में से 29 अंक हासिल किए, लेकिन शूट-ऑफ में कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान से हार गए। इसके साथ ही उनका गोल्ड मेडल जीतने का सपना टूट गया।
फाइनल मुकाबले के दौरान विवान शुरुआत से ही बढ़त बनाए थे, लेकिन आखिरी सीरीज में वह निशाना चूक गए। इसके बाद गोल्ड मेडल के लिए हुए शूट-ऑफ के अपने तीसरे प्रयास में वह लक्ष्य पर भेदने में विफल रहे। वहीं भारत के एक अन्य निशानेबाज उदयवीर सिंह जैजी 11 अंकों के साथ फाइनल में छठे स्थान पर रहे।
आपको बता दें कि ISSF प्रतियोगिताओं में यह विवान कपूर का छठा पदक और 5वां सिल्वर मेडल है। विवान जूनियर वर्ल्ड चैंपियनशिप में भी सिल्वर मेडल जीत चुके हैं। इसके अलावा जूनियर वर्ल्ड कप में उन्होंने एक सिल्वर और एक ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया है।
कुवैत के अब्दुलरहमान अलफैहान ने गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया, जबकि विवान कपूर को सिल्वर से संतोष करना पड़ा। चीन के क्यू यिंग ने ब्रॉन्ज मेडल और ओलंपिक कोटा स्थान हासिल किया। उन्होंने तुर्की के यावुज इलनाम के साथ 18-18 अंकों की बराबरी की थी, लेकिन क्वालिफिकेशन राउंड में बेहतर स्कोर के आधार पर उन्हें ब्रॉन्ज मेडल दिया गया।
गोल्ड मेडल चूकने के बावजूद विवान कपूर ने खास उपलब्धि अपने नाम जोड़ ली है। दरअसल, वह विश्व चैंपियनशिप में पुरुषों की ट्रैप शूटिंग में मेडल जीतने वाले चौथे भारतीय बन गए। उनसे पहले कर्णी सिंह, मानवजीत सिंह संधू और जोरावर सिंह संधू यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।
पिछले संस्करण में काहिरा में जोरावर सिंह संधू ने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। वहीं, मानवजीत सिंह संधू ने 2006 में जाग्रेब में गोल्ड मेडल अपने नाम किया था, जबकि कर्णी सिंह ने 1962 में काहिरा में आयोजित चैंपियनशिप में सिल्वर मेडल जीता था।