
Bigg Boss Contestants Depression: टीवी के सबसे चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस' में हिस्सा लेने के बाद कई सितारों को रातोंरात पहचान और करियर में नई उड़ान मिलती है, तो कुछ ऐसे भी है जिन्हें ट्रॉमा मिला। इस चमक-दमक भरी दुनिया का एक ऐसा पहलू भी है, जिसके बारे में कम ही बात होती है। पिछले 20 सीजन के कई कंटेस्टेंट ऐसे रहे हैं जिन्होंने बाहर आकर खुद को एक बड़ी मानसिक बीमारी से निकाला है। लगातार कैमरों की निगरानी में रहना, घर के अंदर होने वाली तीखी बहस झेलना। फिर बाहर निकलने के बाद सोशल मीडिया ट्रोलिंग व नेगेटिविटी का सामना करना किसी को भी पीड़ा पहुंचा सकता है। आइये जानते हैं उन सितारों के बारे में जिन्होंने शो से बाहर आकर डिप्रेशन, एंग्जायटी और मानसिक संतुलन पर बात की।
'बिग बॉस' का कॉन्सेप्ट आम शोज से अलग है, जहां कंटेस्टेंट को हफ्तों तक बाहरी दुनिया और अपनों से दूर एक ही घर में रहना पड़ता है। टास्क, नॉमिनेशन और इमेज की चिंता के बीच तनाव बढ़ना स्वाभाविक है, और शो खत्म होने के बाद क्लिप्स व बयानों पर होने वाली ट्रोलिंग कई बार एंग्जायटी, डिप्रेशन और पैनिक अटैक की वजह बन जाती है।
कई पूर्व कंटेस्टेंट्स ने खुलकर माना है कि उन्हें शो के बाद मानसिक सेहत से जुड़ी परेशानियों से जूझना पड़ा और कई मामलों में थेरेपी या चिकित्सा सहायता भी लेनी पड़ी...
हिमांशी खुराना: 'बिग बॉस 13' का हिस्सा रहीं हिमांशी खुराना ने बताया था कि घर के नेगेटिव माहौल और शो के बाद की स्थिति से वह डिप्रेशन व पैनिक अटैक से गुजरी थीं, जिससे ठीक होने में उन्हें करीब दो साल लगे।
शमिता शेट्टी: 'बिग बॉस ओटीटी' और 'बिग बॉस 15' में नजर आईं शमिता ने भी काफी परेशानियां झेली थीं। उन्हें अपने लगातार तनाव और झगड़ों के माहौल से बाहर आने में करीब एक साल तक थेरेपी की जरूरत पड़ी थी। जिसका खुलासा उन्होंने पिंकविला संग खास बातचीत में किया था।
अंकिता लोखंडे: टीवी और बॉलीवुड अभिनेत्री अंकिता लोखंडे भी 'बिग बॉस 17' में नजर आई थीं। जिससे बाहर होने के बाद उन्होंने इसे ट्रॉमैटिक अनुभव बताया था और कहा था कि एपिसोड दोबारा देखना भी उनके लिए कठिन रहा और बाहर आने के बाद एंग्जायटी महसूस हुई थी। इसके बारे में उन्होंने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो डबल डेट में बात की थी।
पारस छाबड़ा: 'बिग बॉस 13' के बाद सोशल मीडिया ट्रोलिंग व मीम्स के बीच उन्होंने एंग्जायटी और डिप्रेशन का सामना किया था। खान-पान बिगड़ने से वजन भी 16 किलो बढ़ गया था और दवाइयां भी लेनी पड़ीं थी। शो के बारे में पारस ने हिंदुस्तान टाइम्स को इंटरव्यू दिया था और कई खुलासे किए थे।
अपूर्व अग्निहोत्री: टीवी एक्टर अपूर्व अग्निहोत्री 'बिग बॉस 7' का हिस्सा रह चुके हैं। उन्होंने शो में अपनी पत्नी शिल्पा अग्निहोत्री के साथ एंट्री की थी। साल 2023 में एक व्लॉग के दौरान अपूर्व ने शो के बाद कंटेस्टेंट्स की मानसिक स्थिति पर बात की थी। अपूर्व के मुताबिक, शो के बाद मिलने वाली ट्रोलिंग और लोगों की नेगेटिव टिप्पणियों को झेलना आसान नहीं होता। उनका मानना था कि किसी की सालों की मेहनत से बनी इमेज भी कुछ ही समय में खराब हो सकती है।
कुशाल टंडन: कुशाल टंडन भी 'बिग बॉस 7' में नजर आए थे। शो के दौरान उनका गुस्सा और दूसरे कंटेस्टेंट्स के साथ होने वाली लड़ाइयां काफी चर्चा में रही थीं। गौहर खान के साथ उनकी नजदीकियों ने भी खूब सुर्खियां बटोरी थीं। शो से बाहर आने के बाद कुशाल ने खुलासा किया था कि उन्हें अपने गुस्से पर काबू पाने के लिए थेरेपी की जरूरत पड़ी थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्होंने एंगर मैनेजमेंट के लिए थेरेपी ली थी। उन्हें बिग बॉस में जाने के अपने फैसले पर पछतावा भी है। उन्होंने मिड-डे संग खास बातचीत की थी।
तनीषा मुखर्जी: एक्ट्रेस तनीषा मुखर्जी ने 'बिग बॉस 7' में अपने अनुभव को लेकर कई चौंकाने वाले दावे किए। उनका आरोप है कि शो के मेकर्स कंटेस्टेंट्स को जानबूझकर ऐसी परिस्थितियों में डालते हैं, जिससे उनके बीच इमोशनल कंनेक्शन हो सकता है। तनीषा ने अरमान कोहली के साथ अपने रिश्ते को भी 'ट्रॉमा बॉन्डिंग' से जोड़कर देखा और बताया कि शो से बाहर आने के बाद उन्हें इस अनुभव से उबरने में करीब छह महीने लगे थे। इसका खुलासा उन्होंने 'अनफोल्डिंंग ह्यूमन्स' पॉडकास्ट में किया था।