
Divyenndu Sharma Upcoming Web-Series Waiting Hai:अभिनेता दिव्येंदु एक बार फिर नए अंदाज में दर्शकों के बीच लौट रहे हैं। ‘मिर्जापुर’ के मुन्ना भैया के किरदार से मशहूर हुए दिव्येंदु अब एक रेलवे कांस्टेबल की भूमिका में नजर आएंगे। उनकी नई सीरीज का नाम ‘वेटिंग है’ है। बता दें यह एक स्कैम ड्रामा सीरीज है। इसमें कॉमेडी, सस्पेंस और रोमांच का तड़का भी देखने को मिलेगा। सीरीज की कहानी रेलवे टिकट बुकिंग में होने वाले एक बड़े खेल के इर्द-गिर्द घूमती है। मेकर्स ने आज ही इसका ट्रेलर जारी किया है।
‘वेटिंग है’ में दिव्येंदु, सुगम मिश्रा का किरदार निभा रहे हैं। सुगम रेलवे में नौकरी करता है। वह एक कांस्टेबल है। शुरुआत में वह अपनी नौकरी को समझने और उसमें पैर जमाने की कोशिश करता है। इसी दौरान उसकी नजर एक अजीब मामले पर पड़ती है। रेलवे की बुकिंग विंडो खुलते ही कुछ सेकंड में टिकट कन्फर्म हो जाते हैं। यह देखकर सुगम को शक होता है। वह मामले की जांच शुरू कर देता है। धीरे-धीरे उसे पता चलता है कि मामला काफी बड़ा है।
जांच के दौरान सुगम की मुलाकात अफरोज हम्सा से होती है। इस किरदार को भुवन अरोड़ा निभा रहे हैं। अफरोज एक टेक एक्सपर्ट है। उसने रेलवे टिकट बुकिंग सिस्टम को चकमा देने का तरीका खोज लिया है। सुगम अब उसके पीछे पड़ जाता है। लेकिन अफरोज भी आसानी से हार मानने वाला नहीं है। दोनों के बीच एक दिलचस्प कैट-एंड-माउस गेम शुरू हो जाता है। जो मामला छोटे स्कैम जैसा लगता है, वह धीरे-धीरे बड़े रैकेट में बदल जाता है।
सुगम की जिंदगी सिर्फ इस केस तक सीमित नहीं है। वह अपनी नई शादीशुदा जिंदगी को भी संभाल रहा है। उसकी पत्नी प्रिंसी का किरदार हर्षिता गौर निभा रही हैं। प्रिंसी सुगम को इस मामले की तह तक जाने के लिए प्रेरित करती है।
सीरीज में ‘सुगम’ कोई ऐसा पुलिस वाला नहीं है जो हर सवाल का जवाब जानता हो। वह अपनी नौकरी में खुद को साबित करने की कोशिश कर रहा है। साथ ही निजी जिंदगी की जिम्मेदारियां भी संभाल रहा है। यही बात उसके किरदार को आम पुलिस किरदारों से अलग बनाती है।
सीरीज में देसी ह्यूमर के साथ सस्पेंस भी देखने को मिलेगा। इसे नेशनल अवॉर्ड विजेता निर्देशक समीर विदवान्स ने बनाया है। सीरीज में कुमुद मिश्रा, विजय मौर्य, सृष्टि तारे और सुनीता राजवार भी अहम भूमिकाओं में हैं। बता दें ‘वेटिंग है’ का प्रीमियर 16 सितंबर 2026 को होगा। इसे Prime Video और MX Player के एंड्रॉयड ऐप पर स्ट्रीम किया जाएगा।