
Mismatched Season 4 release Date OTT: डिंपल आहूजा और ऋषि सिंह शेखावत की फेमस प्रेम कहानी अपने आखिरी अध्याय की तरफ बढ़ रही है। जहां से खत्म हुआ तीसरा सीजन वहीं से चौथा सीजन शुरू होगा। इस सीरीज के प्रशंसक काफी समय से इसके चौथे सीजन के आने का इंतजार कर रहे थे। जो लगता है कि अब खत्म हो गया है। खबर है कि नेटफ्लिक्स इसे वैलेंटाइन्स मंथ के आसपास दर्शकों के सामने लाने की तैयारी में है।
मिसमैच्ड 4 को लेकर वैरायटी इंडिया की खबर है कि चौथा और आखिरी सीजन फरवरी 2027 में रिलीज होने वाला है, और स्ट्रीमर शो के फेयरवेल सीजन को प्यार का महीना कहे जाने वाले महीने के आस-पास रख रहा है। हालांकि प्लेटफॉर्म ने अभी तक प्रीमियर की सटीक तारीख का ऐलान नहीं किया है, लेकिन आखिरी सीजन इस पसंदीदा जोड़ी और उनके आसपास के किरदारों के सफर को समेटने का काम करेगा।
नेटफ्लिक्स ने मई 2025 में 'मिसमैच्ड' के चौथे और आखिरी सीजन की पुष्टि करते हुए वादा किया था। निर्माता रॉनी स्क्रूवाला ने सीरीज को दर्शकों की पसंदीदा बताया था, जिसकी मुख्य प्रेम कहानी हर सीजन के साथ आगे बढ़ी है। इसका प्रोडक्शन जुलाई 2026 में प्राजक्ता कोली और रोहित सराफ के साथ शुरू हुआ और सितंबर 2026 में शूटिंग पूरी हो गई।
आने वाला सीजन, दिसंबर 2024 में आए सीजन 3 के इमोशनल एंगल से आगे बढ़ेगा। सगाई के बावजूद डिंपल और ऋषि ने अपने रिश्ते को होल्ड पर रखने का निर्णय लिया था, क्योंकि उन्हें महसूस हुआ कि उनके सपने और करियर के रास्ते उन्हें अलग-अलग दिशाओं में ले जा रहे हैं। जहां ऋषि ने एनिमेशन में अपनी रुचि को आगे बढ़ाने का रास्ता चुना, वहीं डिंपल एक टेक एंटरप्रेन्योर के रूप में अपनी महत्वाकांक्षाओं पर केंद्रित रही थीं।
संध्या मेनन के 2017 के उपन्यास 'व्हेन डिंपल मेट ऋषि' पर आधारित यह सीरीज नवंबर 2020 में नेटफ्लिक्स पर शुरू हुई थी। अपने सफर में 'मिसमैच्ड' ने एक महत्वाकांक्षी टेक प्रोफेशनल और प्यार को लेकर पारंपरिक सोच रखने वाले युवा के बीच बदलते समीकरणों के साथ-साथ दोस्तीऔर बड़े होने की अनिश्चितताओं को भी दिखाया है।
चौथे सीजन में वापसी करने वाले कलाकारों में रणविजय सिंह, विद्या मालवड़े, विहान समत, देवयानी शौरी, प्रिया बनर्जी, तारुक रैना, मुस्कान जाफरी और अहसास चन्ना शामिल हैं। रॉनी स्क्रूवाला की RSVP मूवीज द्वारा निर्मित यह अंतिम सीजन फरवरी 2027 में वैलेंटाइन्स मंथ के दौरान स्ट्रीम होने की जानकारी आई है। जिसकी निश्चित तारीख का इंतजार है।