
Nitin Gadkari come The Great Indian Kapil Show rumors: भारतीय राजनीति और मनोरंजन जगत के बीच एक बेहद दिलचस्प संगम देखने को मिलने वाला है। पिछले कुछ सालों से डिजिटल माध्यमों, पॉडकास्ट्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के साथ खुलकर बातचीत करने वाले केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी (Nitin Gadkari) को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, खबर है कि वह कॉमेडियन और अभिनेता कपिल शर्मा के फेमस शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' (The Great Indian Kapil Show) में शिरकत कर सकते हैं। जो नेटफ्लिक्स पर हर हफ्ते प्रसारित होता है। अगर ऐसा होता है तो वह इस शो में शामिल होने वाले पहले मौजूदा कैबिनेट मंत्री बनेंगे।
नितिन गडकरी अपनी बेबाक शैली, व्यावहारिक सोच और कामकाज को लेकर हमेशा चर्चा में रहते हैं। बीते कुछ समय में उन्होंने मीडिया के साथ-साथ नए और युवा दर्शकों से जुड़ने के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म्स का भी पूरा इस्तेमाल किया है। उन्होंने कई पॉडकास्ट्स और फेमस यूट्यूब शोज में हिस्सा लिया है, जहां वह न केवल अपनी नीतियों और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े विजन पर बात करते दिखे हैं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी, खान-पान और एक्सपीरियंस को भी बेहद हल्के-फुल्के अंदाज में शेयर किया है।
इससे पहले वह कोरियोग्राफर और फिल्ममेकर फराह खान के यूट्यूब व्लॉग और ट्रैवल-फूड शो 'कर्ली टेल्स' (Curly Tales) सहित कई अन्य डिजिटल कार्यक्रमों में नजर आ चुके हैं। उन इंटरव्यूज में गडकरी की सहजता और ह्यूमर ने दर्शकों का खूब ध्यान खींचा था, जिसके बाद से ही उन्हें बड़े एंटरटेनमेंट शोज में देखने की चर्चाएं चल रही थीं।
नेटफ्लिक्स पर आने वाला 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' अपनी कॉमेडी की टाइमिंग, मजेदार स्किट्स और मेहमानों के साथ होने वाले मस्ती-मजाक के लिए जाना जाता है। आमतौर पर इस शो में फिल्म जगत, खेल और अन्य क्षेत्रों की बड़ी हस्तियां पहुंचती हैं, लेकिन किसी मौजूदा कैबिनेट मंत्री का इस मंच पर आना अपने आप में एक खास पल होगा। साथ ही उनका सामने होस्ट नवजोत सिंह सिद्दू से भी होगा। जो अर्चना पूरन सिंह के साथ शो में आए मेहमानों से बातचीत करते नजर आते हैं।
खबर के आते ही दर्शकों और फैंस के बीच इस संभावित एपिसोड को लेकर खासी उत्सुकता देखी जा रही है। अगर वह आते हैं तो यह देखना दिलचस्प होगा कि कपिल शर्मा और उनकी टीम के मजेदार अंदाज के बीच नितिन गडकरी किस तरह अपनी बातों और किस्सों से माहौल को और जीवंत बनाते हैं।
बता दें, नितिन गडकरी एक साल पहले एक पॉडकास्ट में पहुंचे थे। जहां होस्ट ने उनसे पूछा था कि क्या वह कपिल शर्मा शो देखते हैं? तो उन्होंने हां में जवाब दिया था और बताया था कि वह शो उन्हें बेहद पसंद हैं। आगे जब होस्ट ने उनसे उनका फेवरेट एपिसोड पूछा तो उन्होंने कहा, "मुझे सभी एपिसोड में मजा आता है। उसमें चकल्लस वाला माहौल यानी दोस्तों या लोगों के बीच होने वाला हंसी-मजाक बेहद अच्छा लगता है। ज्यादा टेंशन नहीं होती। लड़ाई हो रही है हंसी मजाक में एक दूसरे की टांग खींचते हैं। असली जिंदगी वही है।"