OTT

अदिति राव हैदरी और अर्जुन रामपाल की वेब सीरीज का ट्रेलर आउट, टूटती शादी और उलझे रिश्तों की दिखी झलक

O Saathi Re Trailer out: इम्तियाज अली की नई सीरीज 'ओ साथी रे' का ट्रेलर रिलीज हो गया है, जिसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल एक मुश्किल शादी और उलझे रिश्तों की भावनात्मक कहानी में नजर आने वाले है। आइये जानते है कब होगी रिलीज…
2 min read
• •
Updated: 25 Nov 2026, 3:44 PM IST
O Saathi Re Trailer out directed by imtiyaz ali new web series release on 4 december
अदिति राव हैदरी और अर्जुन रामपाल की नई वेब सीरीज का ट्रेलर आउट (Photo Source- Instagram/netflix_in)

O Saathi Re Trailer out: निर्देशक और राइटर इम्तियाज अली एक बार फिर रिश्तों की बारीकियों को छूती नई प्रेम कहानी लेकर आ गए हैं, लेकिन इस बार फोकस रूमानी अंदाज से हटकर एक डगमगाती शादी और जटिल भावनाओं के बीच फंसे तीन किरदारों पर है। उनकी आने वाली सीरीज 'ओ साथी रे' का ट्रेलर मंगलवार 25 नवंबर को रिलीज कर दिया गया है, जिसमें अदिति राव हैदरी, अविनाश तिवारी और अर्जुन रामपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं।

इम्तियाज अली की नई वेब सीरीज 'ओ साथी रे' का ट्रेलर रिलीज

नई वेब सीरीज 'ओ साथी रे' के रिलीज हुए ट्रेलर में दर्शकों की मुलाकात रोशनी (अदिति राव हैदरी) और करण (अविनाश तिवारी) से होती है, जिनकी शादीशुदा जिंदगी एक कठिन दौर से गुजर रही होती है। कहानी में मोड़ तब आता है जब रोशनी के जिंदगी में प्रद्युम्न यानी अर्जुन रामपाल की एंट्री होती है और उन्हें उससे प्यार हो जाता है। जब ये तीनों खुद को एक संवेदनशील और उलझी हुई स्थिति में पाते हैं, तो सीरीज प्यार, शादी, निजी पसंद और किसी चीज को जाने देने की मुश्किलों को गहराई से देखती है।

करण रोशनी के बिना अपनी जिंदगी की कल्पना नहीं कर सकता, लेकिन वह अपनी भावनाओं को समझने और रिश्ते से क्या चाहती है, यह समझने के लिए कोशिशें कर रही है। प्रद्युम्न के आने से उसकी जिंदगी में एक नया मोड़ आता है, जिससे तीनों किरदारों को उन भावनाओं से निपटना पड़ता है जिन्हें वे आसानी से नजरअंदाज नहीं कर सकते।

इम्तियाज अली ने 'ओ साथी रे' को "एक मॉडर्न रोमांटिक शो जिसमें विंटेज दिल है" बताया है, जिसका शीर्षक किशोर कुमार के फेमस गाने से लिया गया है। उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा कि जब कोई रिश्ता टूटता है तो दुख होता है, क्योंकि वह दुख प्यार और अधूरेपन की वजह से उपजता है।

क्या है तीनों के स्वभाव और उसकी समझ

अविनाश तिवारी ने बताया कि करण के प्यार का स्वभाव गहरा और समर्पित है, लेकिन उसके अंदर अपनी असुरक्षाएं और कमजोरियां भी हैं- खासतौर पर यह समझना कि अगर रोशनी की खुशी में वह शामिल न हो तो उसका क्या मतलब है। वहीं, रोशनी बनी अदिति राव हैदरी ने अपने किरदार को लेकर कहा कि रोशनी दूसरों के लिए निभाई जाने वाली भूमिकाओं से परे जाकर खुद को पहचानने की कोशिश कर रही है। उनके मुताबिक, वह एक बेटी, पत्नी और बहन होने के साथ-साथ एक ऐसी इंसान भी है जिसकी अपनी इच्छाएं, उलझनें और कमजोरियां हैं, और उसकी यही चीजे उन्हें खास लगी।

वहीं, प्रद्युम्न का किरदार निभा रहे अर्जुन रामपाल ने बताया कि उनका किरदार रोशनी की दुनिया में एक अलग ऊर्जा लाता है, जो आत्मविश्वासी है और उसे उन पहचानों से आगे देखता है जिनसे वह अब तक जुड़ी रही है।इम्तियाज अली द्वारा लिखी और प्रस्तुत 'ओ साथी रे' का निर्देशन आरिफ अली ने किया है। विंडो सीट फिल्म्स के बैनर तले बनी इस सीरीज को इम्तियाज अली, मोहित चौधरी और शिबाशीष सरकार ने प्रोड्यूस किया है। यह शो निजी चुनाव, रिश्तों की अपेक्षाओं और प्यार व लगाव के बीच के फर्क जैसे पहलुओं को सामने रखता है। ये सीरीज 4 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने जा रही है।

Updated on:
25 Nov 2026, 3:44 PM IST
Published on: