Pakistan PM Imran Khan ने कहा- अब समय आ गया है कि कश्मीर विवाद के लिए ट्रंप मध्यस्थता करें कश्मीर में भारतीय सैनिकों की अतिरिक्त तैनाती को लेकर पाकिस्तान में घबराहट बढ़ गई है
इस्लामाबाद। कश्मीर में भारतीय सैनिकों की तैनाती को लेकर घबराए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने एक बार फिर से कश्मीर विवाद पर मध्यस्थता का राग अलापा है।
इमरान खान ने कहा है कि कश्मीर विवाद के समाधान के लिए अब वक्त आ गया है कि अमरीकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस मामले में मध्यस्थता करें।
बता दें कि कश्मीर में आतंकवाद के खिलाफ भारतीय सैनिकों की ठोस कार्रवाई से घबराए इमरान खान ने रविवार को राष्ट्रीय सुरक्षा समिति ( एनएससी ) की बैठक बुलाई और चर्चा की। बैठक के दौरान कश्मीर में भारतीय सैनिकों की तैनाती को लेकर भी चर्चा की।
भारत ने पाक के सभी आरोपों को किया खारिज
इमरान खान ने NSC की बैठक में भारत पर कई आरोप लगाए। बीते दिनों जम्मू-कश्मीर के केरन सेक्टर में घुसपैठ करने वाली पाकिस्तानी BAT यानी बॉर्डर एक्शन टीम की कोशिशों को नाकाम कर दिया था। इतना ही नहीं सेना ने मुंहतोड़ जवाब देते हुए 5-7 BAT कमांडो को मार गिराया था।
इमरान खान ने आरोप लगाया कि भारत ने क्लस्टर बम का इस्तेमाल किया है, जो कि निंदनीय है। इस मामले में संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से भी हस्तक्षेप करने की मांग की। हालांकि भारत ने पाकिस्तान के सभी आरोपों को खारिज कर दिया और झूठ का पुलिंदा करार दिया।
इमरान खान ने एनएससी की बैठक के बाद एक के बाद एक सिलसिलेवार ट्वीट करते हुए कहा कि अब समय आ गया है कि राष्ट्रपति ट्रंप कश्मीर मामले पर मध्यस्थता करें। इमरान ने कहा कि क्षेत्रीय संकट उत्पन हो गया है। बता दें कि ट्रंप ने कश्मीर विवाद पर बीते दिनों मध्यस्थता की पेशकश की थी।
एक अन्य ट्वीट में इमरान खान ने लिखा कि संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के प्रस्तावों के अनुसार कश्मीर के लोगों को आत्मनिर्णय के उनके अधिकार का उपयोग करने दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, 'दक्षिण एशिया में शांति और सुरक्षा का एकमात्र रास्ता कश्मीर समस्या के शांतिपूर्ण और न्यायपूर्ण समाधान से होकर गुजरता है।'
Read the Latest World News on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले World News in Hindi पत्रिका डॉट कॉम पर. विश्व से जुड़ी Hindi News के अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें Facebook पर Like करें, Follow करें Twitter पर.