पाली

Pali Accident: कार की टक्कर से पिता-पुत्र की एक साथ हुई मौत, गर्भवती पत्नी पर टूटा दुखों का पहाड़

Rajasthan Accident: पाली के पास तेज रफ्तार कार की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में 26 साल के विक्रम की मौत से उसकी गर्भवती पत्नी पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
2 min read
Aug 30, 2026
road accident
हादसे में क्षतिग्रस्त बाइक और मृतक पिता-पुत्र की फाइल फोटो: पत्रिका

Father-Son Died After Car Hit Bike: पाली शहर के रामासिया के निकट कार और बाइक की टक्कर में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। कार ने इतनी तेज टक्कर मारी की बाइक सवार पिता-पुत्र कई फीट उछलकर नीचे गिरे। हादसे के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

सदर थाने के एएसआई श्रवण सिंह ने बताया कि सुबह करीब साढ़े 7 बजे गुंदोज निवासी 52 साल के मिश्रीलाल और उसके 26 साल के बेटे विक्रम बाइक से पाली की तरफ आ रहे थे। उसी समय गुजरात की एक कार ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर मिश्रीलाल व विक्रम उछलकर सड़क पर गिरे तथा गंभीर घायल हो गए। सूचना पर पुलिस पहुंची और घायलों को बांगड़ चिकित्सालय लाई। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे के बाद कार और बाइक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों को लेकर जानकारी जुटाई जा रही है।

विक्रम की पत्नी गर्भवती

मृतक विक्रम का विवाह गुड़ा बिच्छु गांव में हुआ है। उसकी पत्नी अभी गर्भवती है। बच्चे के जन्म से पहले ही हादसे में उसके सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों के मुताबिक विक्रम अपने परिवार को लेकर काफी खुश था और जल्द ही घर में नए मेहमान के आने की उम्मीद थी। हादसे की खबर मिलते ही पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। हादसे की सूचना पर विक्रम की पत्नी के साथ मिश्रीलाल के घर में शोक छा गया। परिजनों की आंखों से आंसू नहीं थमे।

नासिक में रहता भाई

मृतक के भतीजे भरत ने बताया कि काका मिश्रीलाल के दो लड़के है। इनमें से एक विक्रम की मौत हो गई। वहीं दूसरा दीपक नासिक में रहता है। दीपक के नासिक में होने के कारण परिवार को उसे हादसे की जानकारी देनी पड़ी। पिता और भाई की एक साथ मौत की खबर से परिवार में मातम पसर गया। मिश्रीलाल एक होटल पर काम करता था। वहीं उसका बेटा विक्रम ट्रैक्टर चलाता था।

Updated on:
30 Aug 2026 11:33 am
Published on:
30 Aug 2026 11:33 am