पाली

गैस के 300 सिलेण्डर से भरे ट्रक में लग गई आग, ऐसे टला बड़ा हादसा

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
Jul 16, 2018
truck

रायपुर मारवाड़ (पाली)। क्षेत्र के व्यस्ततम बर चौराहे पर सोमवार तडक़े वहां मौजूद हर व्यक्ति की सांसे अटक गई, जब घरेलू गैस के 300 सिलेण्डर से भरे ट्रक में आग लग गई। इसकी भनक लगते ही ट्रक चालक व अन्य वाहन चालकों ने सूझबूझ का परिचय दिया और दुकानों से अग्निशमन यंत्र मंगवाकर आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि गैस सिलेंडर आग की चपेट में नहीं आए, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।

दरअसल, अजमेर जिले के तबीजी निवासी ट्रक चालक सुरेन्द्र गुर्जर ट्रक में अजमेर से 300 घरेलू गैस सिलेंडर भरकर जोधपुर जा रहा था। सवेरे करीब चार बजे ट्रक बर चौराहे से गुजर रहा था। इस बीच शॉर्ट सर्किट से ट्रक के इंजन में आग लग गई। सुरेन्द्र ने ये देख चौराहे पर ही ट्रक रोक दिया।

डीजल पाइप लीक होने से आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप ले लिया। बर चौराहे पर बस के इंतजार में खड़े यात्री हादसे की आशंका के चलते वहां से भागने लगे। जबकि वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालक आग पर काबू पाने का जतन करने में जुट गए।

इस बीच सुरेन्द्र दौड़ कर पुरानी पुलिस चौकी पहुंचा और मुख्य आरक्षी प्रहलाद मीणा को जानकारी दी। मीणा ने तत्काल मौके पर पहुंच आस-पास की दुकानों से अग्रिशमन यंत्र मंगवाए। इस बीच अन्य लोगों ने पानी व मिट्टी डालकर आग पर काबू पाया। आग पर काबू पाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।

Published on:
16 Jul 2018 09:19 pm