पाली

Road Accident: राजस्थान के एक ही परिवार के 5 लोगों की गुजरात में दर्दनाक मौत, शादी समारोह में जा रहे थे सभी

गुजरात के ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में पाली जिले के रहने वाले एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं 6 लोग घायल हुए हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

2 min read
Feb 21, 2026
Pali Accident
हादसे के बाद क्षतिग्रस्त वाहन (फोटो-पत्रिका)

पाली। उत्तर गुजरात में ऊंझा-मेहसाणा हाईवे पर शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा ऊंझा गांव के पास उस समय हुआ जब परिवार पाली से शादी समारोह में शामिल होकर अहमदाबाद लौट रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाली पंचायत समिति के भावनगर गांव के मूल निवासी और वर्तमान में अहमदाबाद के रामोल क्षेत्र में रहने वाला कुमावत परिवार मिनी वैन से लौट रहा था। ऊंझा और मेहसाणा के बीच हाईवे पर चालक का वाहन से नियंत्रण अचानक हट गया, जिससे वैन तेज रफ्तार में डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन के परखच्चे उड़ गए।

चार की मौके पर मौत, एक ने अस्पताल में तोड़ा दम

हादसे में रामलाल लाखाजी कुमावत, कोमल मदनलाल कुमावत, कैलाश रामलाल कुमावत और चार वर्षीय आयुष कुमावत की मौके पर ही मौत हो गई। सभी गंभीर रूप से घायल सात लोगों को तत्काल मेहसाणा सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान वृद्धा मथुरा देवी कुमावत ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।

ड्राइवर की हालत गंभीर

चालक गंभीर रूप से घायल बताया जा रहा है। सूचना मिलते ही ऊंझा पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस निरीक्षक पीडी दरजी के अनुसार प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चालक का वाहन से नियंत्रण हटने के कारण यह हादसा हुआ। दुर्घटना के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।

कुछ समय के लिए ट्रैफिक बाधित

हादसे के कारण कुछ समय के लिए हाईवे पर ट्रैफिक भी बाधित रहा। शादी की खुशियों के बाद घर लौट रहा परिवार इस भीषण दुर्घटना से शोक में डूब गया है।

मातम में बदली खु​शियां

भावनगर के अशोक कुमावत ने बताया कि मूलत: भावनगर का रहने वाला रामलाल अपने परिवार के साथ मनिहारी में रहने वाली अपनी बहन के पुत्र की शादी में शामिल होने के लिए गांव आया था। मनिहारी में शादी समारोह के बाद अपनी दूसरी बहन, जो अहमदाबाद में रहती है उसके पुत्र के विवाह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। गांव में जैसे ही हादसे की खबर पहुंची, माहौल गमगीन हो गया।

Published on:
21 Feb 2026 10:25 pm