
सोजत. बीते दिनों शिवपुरा थानाधिकारी बनकर रूपावास के सरपंच व ग्राम सेवक से डेढ़ लाख ठगने वाले आरोपित को पुलिस ने बुधवार को कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। थानाधिकारी दौलतराम ने बताया कि बीते दिनों भोपालपुरा उदयपुर निवासी राजकुमार खटीक (29) पुत्र ख्यालीलाल ने फर्जी थानाधिकारी बनकर रूपावास ग्राम सेवक ओमप्रकाश जाट व सरपंच पति सुनिल गर्ग अकाउंट में डेढ़ लाख रुपए जमा करवाने का कहकर ठगी की थी।
इस ठगी का पता चलने पर थाने में ठगी का प्रकरण दर्ज कराया। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपी राजकुमार खटीक को गिरफ्तार कर गहन पूछताछ की। इसके बाद उदयपुर में उसके बैंक खाते से डेढ़ लाख रुपए बरामद किए। थानाधिकारी ने बताया कि इस प्रकरण में आरोपित का साथी भेराराम उर्फ सुरेश पुत्र भंवरलाल घांची जो उदयपुर कारागृह में बंदी है। एक अन्य साथी उदयपुर में सुखेर क्षेत्र के शोभागपुरा निवासी जगदीश डांगी (25) पुत्र उदयलाल फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि आरोपित भैराराम उर्फ सुरेश घांची को उदयपुर कारागृह से प्रोडक्शन वारंट से लाया जा सकता है।
कोर्ट में गवाही देने आए गवाह पर जानलेवा हमला
पाली. सदर थाना क्षेत्र रूपावास गांव के समीप कोर्ट में गवाही देने वाले गवाहों कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना को लेकर बुधवार को प्रार्थी ने सदर थाने में आरोपितों के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने बताया कि रोहट के सिराना निवासी मोईनुद्दीन पुत्र बरकद खान ने रिपोर्ट दी कि वर्ष 2016 में उसकी बच्ची अफसाना पर गोली चलाने के मामला पाली कोर्ट में चल रहा है। इस मामले में प्रार्थी, उसके पिता व भाई गवाह है।
तीन मई को वह इस मामले में गवाही देने के लिए कोर्ट में आए थे। लेकिन, आरोपित सिराना निवासी मोहन प्रजापत, बाबू खान, रमजान व शौकत खान ने उन्हें कोर्ट के बाहर की गवाही देने से रोक दिया। प्रार्थी ने बताया कि आरोपितों द्वारा धमकाने पर वह बाइक पर अपने घर लौट गया। सभी आरोपितों ने बोलेरो जीप से उसका पीछा किया और रूपावास के पास उसकी बाइक को जीप से टक्कर मार कर गंभीर घायल कर दिया। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।