पाली

पाली में वन्य जीव के साथ क्रूरता, बाइक में बांधकर कई किलोमीटर घसीटा, आरोपी गिरफ्तार

पाली में वन्य जीव के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने मॉनिटर लिजर्ड को मोटरसाइकिल के पीछे रस्सी से बांधकर कई किलोमीटर तक घसीटा। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद वन विभाग ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
2 min read
Sep 03, 2026
pali
Pali: फोटो- पत्रिका

पाली। जिले में वन्य जीव के साथ क्रूरता का मामला सामने आया है। दूधिया गांव में एक व्यक्ति ने मॉनिटर लिजर्ड (गोह/गोहरा) को पकड़कर मोटरसाइकिल के पीछे रस्सी से बांध दिया और उसे सड़क पर कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

वन विभाग के अनुसार, दूधिया गांव की तहसील रोड पर ओमाराम सरगरा ने एक मॉनिटर लिजर्ड यानी पाटगोह को पकड़ लिया था। इसके बाद उसने वन्य जीव की पूंछ में रस्सी बांधी और उसे अपनी मोटरसाइकिल के पीछे बांधकर सड़क पर घसीटता हुआ ले गया। बताया जा रहा है कि वन्य जीव को इसी तरह कई किलोमीटर तक घसीटा गया। घटना का वीडियो सामने आने के बाद वन विभाग को इसकी जानकारी मिली, जिसके बाद टीम ने मामले की जांच शुरू की।

वन विभाग ने की कार्रवाई (फोटो-पत्रिका)

आरोपी को कोर्ट ने भेजा जेल

वन विभाग की टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमाराम सरगरा को गिरफ्तार कर लिया। उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से अदालत ने आरोपी को 15 दिन की न्यायिक अभिरक्षा में भेजने के आदेश दिए। कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय वन अधिकारी प्रकाश कुमार चौधरी, वन रक्षक ईश्वर, रंगाराम और नरेंद्र सिंह सहित वन विभाग की टीम मौजूद रही।

वन्य जीवों के साथ अत्याचार अपराध

उप वन संरक्षक सरवन कुमार रेड्डी ने बताया कि वन्य जीवों को पकड़ना, उनके साथ किसी भी तरह की क्रूरता करना या उन्हें नुकसान पहुंचाना कानूनन अपराध है। उन्होंने कहा कि वन्य जीवों के संरक्षण के लिए बनाए गए नियमों के तहत ऐसे मामलों में कार्रवाई की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वन्य जीव दिखाई देने पर उन्हें पकड़ने या नुकसान पहुंचाने के बजाय वन विभाग को सूचना दें।

यह वीडियो भी देखें :

क्या होती है मॉनिटर लिजर्ड?

मॉनिटर लिजर्ड को राजस्थान में आम तौर पर गोह या गोहरा के नाम से जाना जाता है। यह जमीन पर रहने वाला सरीसृप है, जो मुख्य रूप से कीड़े-मकोड़ों और छोटे जीवों को भोजन बनाता है। इसके जहरीले होने को लेकर लोगों के बीच कई तरह की भ्रांतियां हैं, जबकि यह सामान्यतः इंसानों से दूरी बनाए रखने वाला जीव है। वन्य जीव होने के कारण इसे पकड़ना, मारना या इसका अवैध व्यापार करना कानूनन अपराध है।

लोगों में नाराजगी

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद वन्य जीवों के प्रति क्रूरता को लेकर लोगों में भी नाराजगी देखने को मिल रही है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे।

Updated on:
03 Sept 2026 07:58 pm
Published on:
03 Sept 2026 07:58 pm