शहर के इन्द्रा कॉलोनी स्थित किसान केसरी गार्डन में हुई बैठक में शामिल हुए प्रदेश भाजपा सहित जिले के पदाधिकारी
Pali News : पाली शहर के इन्द्रा कॉलोनी स्थित किसान केसरी गार्डन में मंगलवार दोपहर को हुई भाजपा की बैठक में पाली के भाजपा जिलाध्यक्ष के नाम पर मुहर लग गई। बैठक में सुनील भंडारी को भाजपा जिलाध्यक्ष पद की कमान सौंपी गई है।
पाली में सुनील भंडारी को भाजपा का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। भंडारी के जिलाध्यक्ष बनने से उनके समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई है। जिलाध्यक्ष के नाम की घोषणा से पहले शहर के किसान केसरी गार्डन में संगठन की बैठक आयोजित की गई। जिसमें बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष पद के लिए सुनील भंडारी के नाम की घोषणा की गई। इससे पहले सोमवार शाम को पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष प्रसन्न कुमार मेहता भी मंगलवार को होने वाली बैठक में शामिल होने के लिए पाली पहुंच गए थे।
आयोजित बैठक में पार्टी के पदाधिकारियों को बुलाया गया था और उनकी मौजूदगी में जिलाध्यक्ष पद के लिए भंडारी के नाम की घोषणा की गई। इसके बाद भंडारी का भाजपाइयों ने माल्यार्पण कर एवं साफा पहनाकर स्वागत किया। इसके बाद भंडारी मीडिया से रूबरू हुए और सभी का आभार जताते हुए पार्टी को मजबूत करने की और आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने की बात कही।