
पाली। दीपावली की रात पाली जिले के फालना कस्बे में बड़ा हादसा हो गया। कस्बे के मुख्य चौराहे पर स्थित पटाखों की दुकान में भीषण आग लगने से कांग्रेस पार्षद और उनके पति की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, गौतम पूनमिया गंभीर रूप से झुलस गए, जिन्हें उपचार के लिए जोधपुर रेफर किया गया है। पटाखों की दुकान में सोमवार रात करीब 11 बजे लगी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया और आसपास की किराना व बैटरी की दुकानें भी इसकी चपेट में आ गईं।
हादसे में कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश की दर्दनाक मौत हो गई। आग पर काबू पाने और अंदर फंसे लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू अभियान सुबह करीब 5 बजे तक चला। फालना शहर में स्वर्ण मंदिर के पास मुख्य चौराहे पर स्थित पटाखों की दुकान में अचानक आग लग गई।
जानकारी के मुताबिक चिंगारी से लगी आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया। दुकान में पटाखे होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आसपास की किराना और बैटरी की दुकानें भी आग की चपेट में आ गईं। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
हादसे में नगर पालिका खुडाला फालना के वार्ड 23 की कांग्रेस पार्षद उषा पूनमिया और उनके पति प्रकाश आग की चपेट में आ गए। रेस्क्यू अभियान के दौरान उषा पूनमिया का शव दुकान के अंडरग्राउंड में मिला। उनके पति प्रकाश की भी हादसे में मौत हो गई। वहीं, बड़े भाई गौतम चंद गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें उपचार के लिए जोधपुर भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है। दोनों मृतकों के शव फालना सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए।
आग की भयावहता को देखते हुए फालना के अलावा खुडाला, बाली और सुमेरपुर से भी दमकल वाहन बुलाए गए। कुल पांच दमकलों ने करीब छह घंटे तक मशक्कत की। इसके बाद आग पर काबू पाया जा सका। सुरक्षा के लिहाज से क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी बंद कर दी गई थी। आग से दुकानों में लाखों रुपए के नुकसान की आशंका है। घटना की सूचना मिलने पर फालना थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस अब आग लगने के कारणों की जांच कर रही है।