पाली

पाली से पोकरण जाने वाले यात्रीगण ध्यान दें, 19-20 नवंबर को नहीं जाएगी ट्रेन, निर्माण कार्य के चलते 7 ट्रेनें प्रभावित

पाली से पोकरण और जैसलमेर की ओर ट्रेन से सफर करने वाले यात्रियों के लिए जरूरी खबर है। आशापुरा गोमट और पोकरण के बीच रेलवे अंडरब्रिज निर्माण के कारण 19 और 20 नवंबर को सात ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा।
2 min read
• •
Updated: 11 Nov 2026, 10:01 PM IST
Train News
Pali: फोटो-पत्रिका

पाली। अगर आप 19 या 20 नवंबर को पाली से पोकरण या जैसलमेर की ओर ट्रेन से सफर करने की योजना बना रहे हैं तो यह खबर आपके लिए जरूरी है। रेलवे अंडरब्रिज (आरयूबी) निर्माण कार्य के चलते इन दोनों दिनों में पोकरण स्टेशन से गुजरने वाली सात ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। इनमें पांच ट्रेनों को आशापुरा गोमट स्टेशन पर अस्थाई ठहराव दिया जाएगा, जबकि दो डेमो ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित होगा। ऐसे में यात्रियों को यात्रा पर निकलने से पहले ट्रेन का रूट और ठहराव जरूर जांच लेना चाहिए।

उत्तर-पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में आशापुरा गोमट और पोकरण रेलवे स्टेशन के बीच समपार फाटक संख्या 89-ए पर रेलवे अंडरब्रिज का निर्माण किया जाएगा। इस कार्य के लिए 19 और 20 नवंबर को ट्रैफिक कम इलेक्ट्रिक ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते संबंधित ट्रेनों का संचालन पोकरण स्टेशन के बजाय परिवर्तित व्यवस्था के तहत किया जाएगा।

इन ट्रेनों का बदला रूट

जोधपुर मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के अनुसार, 19 नवंबर को साबरमती-जैसलमेर और काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस पोकरण स्टेशन नहीं जाएंगी। इन दोनों ट्रेनों को आशापुरा गोमट स्टेशन पर अस्थाई ठहराव दिया जाएगा। वहीं, 20 नवंबर को जैसलमेर-लालगढ़ एक्सप्रेस, जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट और लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस पोकरण स्टेशन होकर संचालित नहीं होंगी। इन तीनों ट्रेनों का ठहराव भी आशापुरा गोमट स्टेशन पर रहेगा।

इसके अलावा जैसलमेर-भगत की कोठी डेमो और भगत की कोठी-जैसलमेर डेमो ट्रेनें भी निर्माण कार्य के चलते पोकरण होकर नहीं चलेंगी। इन दोनों ट्रेनों का आशापुरा गोमट स्टेशन पर पहले से नियमित ठहराव निर्धारित है। रेलवे के इस निर्माण कार्य का उद्देश्य रेल परिचालन को अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बनाना है। यात्रियों को सलाह दी गई है कि 19 और 20 नवंबर को यात्रा करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति और उपलब्ध ठहराव की जानकारी रेलवे से प्राप्त कर लें, ताकि स्टेशन पहुंचने पर किसी तरह की परेशानी न हो।

ये 7 ट्रेनें रहेंगी प्रभावित

  1. साबरमती-जैसलमेर एक्सप्रेस (20492): 19 नवंबर को पोकरण नहीं जाएगी, आशापुरा गोमट में अस्थाई ठहराव।
  2. काठगोदाम-जैसलमेर रानीखेत एक्सप्रेस (15014): 19 नवंबर को पोकरण नहीं जाएगी, आशापुरा गोमट में अस्थाई ठहराव।
  3. जैसलमेर-लालगढ़ एक्सप्रेस (14703): 20 नवंबर को पोकरण नहीं जाएगी, आशापुरा गोमट में अस्थाई ठहराव।
  4. जैसलमेर-साबरमती सुपरफास्ट (20491): 20 नवंबर को पोकरण नहीं जाएगी, आशापुरा गोमट में अस्थाई ठहराव।
  5. लालगढ़-जैसलमेर एक्सप्रेस (14704): 20 नवंबर को पोकरण नहीं जाएगी, आशापुरा गोमट में अस्थाई ठहराव।
  6. जैसलमेर-भगत की कोठी डेमो (74843): संचालन प्रभावित, आशापुरा गोमट पर नियमित ठहराव।
  7. भगत की कोठी-जैसलमेर डेमो (74844): संचालन प्रभावित, आशापुरा गोमट पर नियमित ठहराव।

यह वीडियो भी देखें :

Updated on:
11 Nov 2026, 10:01 PM IST
Published on: