पाली

राजस्थान में खौफनाक वारदात, शादी नहीं होने पर युवक ने 11 साल के मासूम की चढ़ा दी बलि

राजस्थान के पाली जिले में 11 वर्षीय मासूम आरिफ की हत्या तंत्र-मंत्र के लिए की गई थी। हत्यारा युवक 25 वर्षीय शेरू खां मासूम का जानकार था। हत्यारे की शादी नहीं हो रही थी। उसे तांत्रिक ने नरबलि देने को कहा बताया और मदरसे से घर लौट रहे मासूम को जंगल में ले जाकर बलि चढ़ा दी।
2 min read
May 15, 2026
Pali Sojat child murder
मोर्चरी के बाहर खड़े लोग। फोटो पत्रिका

सोजत (पाली)। पाली जिले के शिवपुरा थाना क्षेत्र के रामासनी सांदवान गांव में अंधविश्वास और तंत्र-मंत्र के नाम पर इंसानियत को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। शादी नहीं होने से परेशान एक युवक ने कथित तांत्रिक के बहकावे में आकर 11 वर्षीय मासूम आरिफ की निर्मम हत्या कर दी। आरोपी ने बच्चे को मदरसे से लौटते समय बहला-फुसलाकर बाइक पर बैठाया और गांव के बाहर तालाब की पाल के पास जंगल में ले जाकर उसकी बलि चढ़ा दी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी 25 वर्षीय शेरू खां को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि उसकी शादी नहीं हो रही थी। इसी दौरान एक तांत्रिक ने उसे कथित तौर पर कहा कि नरबलि देने से शादी हो जाएगी। इसके बाद उसने अपने ही गांव के मासूम आरिफ को निशाना बनाया।

कई दिनों से कर रहा था मासूम की रेकी

शिवपुरा थानाधिकारी भंवरलाल विश्नोई ने बताया कि कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाला आरिफ पुत्र फिरोज गुरुवार दोपहर मदरसे से अकेला घर लौट रहा था। आरोपी पहले से उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए था। मौका मिलते ही वह उसे बाइक पर बैठाकर जंगल की ओर ले गया। वहां आरोपी ने पहले मासूम के हाथ-पैर बांधे, फिर मुंह में कपड़ा ठूंस दिया और छुरे से गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी सामान्य बनने का नाटक करता रहा और परिवार के बीच घूमता रहा।

हत्यारे ने ही दी परिजनों को सूचना

घटना के बाद आरोपी खुद मासूम के दादा के पास पहुंचा और बोला कि ‘कोई आपके पोते को उठाकर ले गया है।’ इसके बाद परिजन और ग्रामीण तलाश करते हुए गांव से करीब 500 मीटर दूर तालाब की पाल पर पहुंचे, जहां आरिफ का शव पड़ा मिला। घटनास्थल पर टूटी-फूटी मटकी और टोटके में इस्तेमाल होने वाला सामान भी मिला, जिससे तंत्र-मंत्र की आशंका और गहरी हो गई।

खून लगे कपड़े बदलकर बना रहा कहानी

पुलिस के अनुसार आरोपी बार-बार अलग-अलग कहानी बनाकर खुद को बचाने की कोशिश कर रहा था। उसके कपड़ों पर खून के निशान होने के कारण उसने कपड़े भी बदल लिए थे, लेकिन पुलिस की पूछताछ में आखिरकार टूट गया।

पहले भी काट चुका था बछड़े का गला

ग्रामीणों के मुताबिक आरोपी आदतन अपराधी प्रवृत्ति का है और इससे पहले भी एक बछड़े का गला काट चुका है। घटना के बाद गांव में भारी आक्रोश है। शुक्रवार सुबह स्कूल के बाहर सर्व समाज की बैठक हुई, जिसमें आरोपी को कड़ी सजा देने की मांग उठाई गई।

तांत्रिक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस उपअधीक्षक रतनाराम देवासी ने बताया कि आरोपी से गहन पूछताछ जारी है। साथ ही उस कथित तांत्रिक की भी तलाश की जा रही है, जिसने आरोपी को इस जघन्य अपराध के लिए उकसाया। पुलिस अन्य संभावित संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Updated on:
15 May 2026 09:47 pm
Published on:
15 May 2026 09:21 pm