पाली

देर रात प्रत्याशियों ने अपनाए सारे हथकंडे, मतदाताओं को बांटा गुड़, शराब व प्रचार सामग्री

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
less than 1 minute read
Dec 07, 2018
मतदाताओं को बांटा गुड़, शराब व प्रचार सामग्री
देर रात प्रत्याशियों ने अपनाए सारे हथकंडे, मतदाताओं को बांटा गुड़, शराब व प्रचार सामग्री

पाली. रायपुर मारवाड़.

विधानसभा चुनाव के ठीक एक दिन पहले गुरुवार रात को मतदाताओं को रिझाने के लिए प्रत्याशियों ने सारे हथकंडे अपनाए। कहीं शराब व गुड़ तो कहीं प्रचार सामग्री वितरित कर मतदाताओं को रिझाने का काम किया गया। पत्रिका ने पड़ताल की तो यह सच सामने आया।

कार्यकर्ताओं के पास मिली शराब की पर्चियां
पाली शहर में शराब वितरण की सूचना पर पत्रिका टीम नया गांव एरिया सांसी बस्ती एरिया में पहुंची व एक प्रत्याशी के कार्यकर्ताओं से शराब के बारे में बात की। उसने दो पर्चियां टीम को थमा दी। इन पर्चियों पर शराब के पैक व उनकी संख्या लिखी हुई थी और बताया गया कि कार्यालय के पीछे से ये ले लेना। पत्रिका टीम वहां पहुंची, इस बीच लोगों को पत्रिका टीम होने की भनक लग गई और वहां से गायब हो गए।

जैतारण विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ गांव में गुरुवार शाम को कुछ युवा गले में दुपट्टे डाले गली मोहल्लों में लोगों से सम्पर्क साध रहे थे। लोगों से चर्चा की तो सामने आया कि रात को वाहनों में बैठकर कुछ लोग आए और उन्हें पांच किलों गुड़़ के साथ चुनाव चिह्न से जुड़ी सुविधा सामग्री बांटी थी। पत्रिका टीम जब गांव के चौपाल पर बैठे कुछ बुर्जुगों से मिली तो उन्होंने कहा कि साहब, चुनाव के समय अक्सर यही होता है। यहां रात को वाहनों में बैठकर अलग-अलग पार्टी से जुड़े कार्यकर्ता आते है और शराब व नोट थमाकर समर्थन देने की अपील भी करते हैं। जैतारण विधानसभा के भाजपा प्रत्याशी अविनाश गहलोत ने जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत पत्र भेजा है।

Published on:
07 Dec 2018 05:00 am