Rajasthan Govt School: वित्तीय वर्ष 2024-25 समाप्त होने से दो दिन पहले सरकारी स्कूलों को 310 लाख रुपए दिए हैं। जिसे मात्र एक दिन में खर्च करना होगा।
पाली। वित्तीय वर्ष 2024-25 दो दिन बाद 31 मार्च को समाप्त हो जाएगा। इससे पाली जिले के सरकारी स्कूलों को कंपोजिट स्कूल ग्रांट के तहत 310.91667 लाख रुपए दिए है। यह राशि स्कूलों की ओर से 31 मार्च तक खर्च नहीं करने पर वापस सरकारी खाते में चली जाएगी। ऐसा ही हाल प्रदेश के करीब 65,000 सरकारी स्कूलों का है। उनके लिए 111 करोड़ 38 लाख 41 हजार 643 लाख रुपए स्वीकृत किए है।
यह राशि राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद की ओर से जिला परियोजना समन्वयक समग्र शिक्षा को दी गई। उनकी ओर से राशि सीडीईओ को भेजी। वहां से पीईईओ तथा उसके बाद स्कूल तक पहुंचनी थी। जिसमें दो-तीन दिन का समय लग गया। पाली जिले के साथ अन्य जिलों के कई स्कूलों में राशि 29 मार्च को पहुंची। जिसे 31 मार्च तक खर्च करना है और 30 मार्च को रविवार है। ऐसे में राशि खर्च करने के लिए स्कूलों में महज एक दिन मिलेगा।
कंपोजिट ग्रांट की राशि छात्रों की संख्या के आधार पर दी जाती है, जो कि न्यूनतम 10 हजार रुपए से लेकर 75 हजार रुपए या उससे अधिक हो सकती है। इस ग्रांट की राशि से स्कूलों का प्रबंधन बिजली, पानी और अन्य आवश्यक खर्चों को पूरा किया जाता है। इस वित्तीय वर्ष में यह राशि पहले दो माह की दी थी। अब वित्तीय वर्ष खत्म होने के समय 10 माह की ओर दी है।
पाली: 310.91667
जालोर: 365.25000
सिरोही: 190.08320
कंपोजिट ग्रांट के तहत राशि वित्तीय वर्ष के अंतिम दिनों में दी है। अब दो दिन अवकाश है। ऐसे में यह अप्रेल माह में खर्च करने का अधिकार देना चाहिए।
-विपिन शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष, राजस्थान प्राथमिक एवं माध्यमिक शिक्षक संघ
हमने सीबीईओ को राशि देते है। यह ग्रांट 28 मार्च को आई है। उनको दो दिन मिल जाएंगे। स्कूल बिल पहले तैयार रखते है। वे अब पेमेंट कर देंगे। यह राशि नामांकन के आधार पर दी जाती है।
-राहुल कुमार राजपुरोहित, जिला शिक्षा अधिकारी, माध्यमिक, मुख्यालय, पाली