पाली

Pali News: पाली में बड़ा हादसा, परिवार के सामने देखते ही देखते गिर गया 2 मंजिला मकान, बिखर गए सपने

Rajasthan News: राजस्थान में मानसून की बारिश अब आफत बन गई है। पाली, सोजत और मारवाड़ जंक्शन उपखण्ड में कई मकान गिर गए हैं।

2 min read
Aug 07, 2024

Pali News: राजस्थान के पाली, सोजत और मारवाड़ जंक्शन उपखण्ड पर मेघ ज्यादा मेहरबान रहे। तीनों जगह अब तक औसत से ज्यादा बारिश हो चुकी है। वहीं भारी बारिश ने कई लोगों के आशियाने उजाड़ दिए। ऐसा ही एक हादसा पाली शहर के राजेन्द्र नगर सोमनाथ नगर में हुआ। यहां वेल्डिंग का काम करने वाले राजू सेन का निर्माणाधीन मकान देखते ही देखते जमींदोज हो गया।

दरअसल भारी बारिश के चलते पाली के एक निर्माधीन मकान की एक दीवार में दरार आई थी। सूचना मिलने पर वह दरार को देखने पहुंचे। संयोग से घटना से कुछ देर पहले ही पूरा परिवार मकान के बाहर आ गया था। इस दौरान धीरे-धीरे दरार बड़ी होने लगी और आंखों के सामने ही दो मंजिला मकान भरभराकर कर गिर गया। पीड़ित ने बताया कि वे जल्द ही नए मकान में शिफ्ट होने वाले थे, लेकिन भारी बारिश ने उनके सपनों को खत्म कर दिया। मकान गिरने से परिवार को लाखों रुपए का नुकसान हुआ है। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे आ गया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई पीड़ित परिवार को सांत्वना देने लगा।

कई जगह गिरे मकान-दीवार

वहीं रायपुर मारवाड़ उपखंड क्षेत्र में तेज बारिश के बाद कई जगह मकान गिर गए। चांग ग्राम पंचायत के देवनगर में अरविंद सिंह पुत्र पूनमसिंह के मकान की छत गिर गई। बोरवाड़ सेंदड़ा के केशरसिंह पुत्र लाडू सिंह और रामगढ़ सेडोतान के निम्बसिंह पुत्र किशन सिंह का मकान क्षतिग्रस्त हो गया। सरपंच ने प्रशासन से मुआवजे की मांग की है। वहीं लिलाम्बा निवासी बाबूलाल पुत्र उम्मेद राम के मकान की पक्की सुरक्षा दीवार ढह गई। तेज बारिश के बाद बर निवासी बुधराज पुत्र पुखराज का मकान क्षतिग्रस्त हो गया।

तीन कच्चे मकान ढहे

सोजतरोड के निकटवर्ती सवराड़ गांव में बारिश से तीन कच्चे मकान ढह गए। एक पक्का मकान बीच में दरार आने से फट गया। एक मकान की दीवार गिर गई। मारवाड़ जंक्शन क्षेत्र में लगातार जारी बारिश अब आफत बन गई है। इसके चलते कई कच्चे मकान ढह गए। नगर में स्थित सुभाष चौक में दाकू देवी पत्नी मांगू सिंह के मकान की कच्ची दीवार ढह गई। गनीमत रही कि उसके पास ही सो रही वृद्धा दीवार से कुछ दूरी पर थी। नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था। दीवार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। घर की सभी दीवारें गिरने की कगार पर हैं। सूचना पर पटवारी अशोक भाकल मौके पर पहुंचे व रिपोर्ट तैयार की।

Also Read
View All

अगली खबर