पाली

बच्चा चोर समझ युवक को भीड़ ने घसीट घसीट कर बेरहमी से पीटा, हुई मौत

भीड़ ने कथित तौर पर एक युवक को बच्चा चोर समझ कर घसीट घसीट कर इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गई।
2 min read
• •
Updated: 24 May 2018, 6:21 PM IST
pali

पाली। बेंगलुरु के चामराजपेट थानाक्षेत्र के आनंदपुर में भीड़ ने कथित तौर पर एक युवक को बच्चा चोर समझ कर घसीट घसीट कर इस कदर पीटा कि उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान पाली जिले कालूराम (25) के रूप में हुई है। मामले में गुरुवार को 9 जनों को पकड़ा गया है, जिनमें 2 नाबालिग भी हैं।

परिजनों का कहना हैं कि कालूराम कुछ महीनों पहले ही नौकरी की तलाश में बेंगलुरु गया था। मृतक के माता-पिता की मौत हो चुकी हैं। एक भाई की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है।

पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार अपराह्न की बताई जा रही है। एक युवक क्षेत्र में संदिघवस्था में घूम रहा था। स्थानीय लीगों ने उसे बच्चा चोर समझ कर घेर लिया। मौके पर जमा भीड़ ने युवक की जमकर धुनाई कर दी। लोगों ने उसके हाथ-पैर रस्सी से बांध दिए और सड़क पर कर घसीटा गया।

भीड़ में जमा लोग लकड़ी, बल्ले आदि उस पर बरसाते रहे। महिलाओं ने भी उसकी पिटाई की। उसे बेरहमी से इस कदर पीटा गया कि वह बुरी तरह जख्मी हो गया। शरीर खून से लथपथ हो गया। फिर भी लोग उसे घसीटते पीटते रहे। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस उसे विक्टोरिया अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

बताया जा रहा है कि यह पाली से रोजगार की तलाश में करीब 2 माह पहले बेंगलुरु गया था। वह कई जगह गया मगर नौकरी नहीं मिली तो इधर उधर भटक रहा था। इसी दौरान चामराजपेट थाना क्षेत्र के आनंदपुर में आ गया था। परिजन मृतक का शव लाने के लिए बुधवार रात को ही बेंगलुरु के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच कर रही है।

Published on: