
नागौर। शहर के अजमेरी गेट क्षेत्र में में रविवार शाम छह बजकर 5 मिनट पर एक युवक पर बोलेरो में सवार होकर आए बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में अंधाधुंध फायरिंग की, जिससे युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रारम्भिक सूचना के अनुसार युवक को दो गोलियां लगी हैं, यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने युवक पर धारदार हथियार से भी वार किए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर एसपी परिस देशमुख सहित वृत्ताधिकारी सुभाष मिश्रा,कोतवाली थानाधिकारी सुरेन्द्रसिंह जोधा, यातायात प्रभारी केसरसिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने मौके से गोलियों के 10 खोल बरामद किए हैं, जिससे ऐसा लग रहा है कि बदमाशों ने अंधाधुंध गोलियां बरसाई। ऐसी भी आशंका जताई जा रही है कि युवक धनराज को दो से अधिक गोलियां लग सकती हैं, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही पता चल पाएगा।
एसपी देशमुख ने बदमाशों को पकडऩे के लिए जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में नाकाबंदी करवाई, लेकिन देर रात तक उनका सुराग नहीं लगा।
लोगों ने बताया कि मृतक धनराज (35) पुत्र बस्तीराम भाटी हत्या के आरोप में उम्र कैद की सजा काट चुका था तथा तीन-चार महीने पहले जिले के रोल थाना क्षेत्र में फायरिंग के आरोप में भी जेल गया था।
देर रात तक मृतक की ओर से किसी ने मामला दर्ज नहीं कराया है। पुलिस ने शव जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है, सोमवर को पोस्टमार्टम करवाया जाएगा।
Published on:
20 May 2018, 10:02 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.