
Rajasthan Weather Update: राजस्थान में मौसम में फिर बदलाव आएगा। बादलों के छाने के कारण माउंट आबू में गुरुवार को न्यूनतम तापमान 2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पाली में तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे लोग ठिठुर गए। माउंट आबू के साथ अरावली की वादियों और मगरा क्षेत्र में कोहरा छाया रहा। लोगों ने अलाव जलाकर सर्दी से राहत पाने का जतन किया।
इन 7 जिलों में होगी बारिश
मौसम विभाग के अनुसार एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से शुक्रवार को पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, जोधपुर, बीकानेर, नागौर, चूरू, हनुमानगढ़ व गंगानगर जिलों में कहीं-कहीं हल्की बारिश या बूंदबांदी होने की संभावना जताई है। इसके अलावा प्रदेश के अधिकांश भागों में बादल छाए रह सकते हैं। इसके बाद शनिवार से एक सप्ताह तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि बीकानेर संभाग में कहीं-कहीं मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना है।
बढ़ सकता है तापमान
मौसम विभाग की माने तो आगामी 24 घंटों में न्यूनतम तापमानों में विशेष बदलाव आने की आशंका नहीं है। इसके बाद धीरे-धीरे तापमान में 2 से 3 डिग्री बढ़ोतरी हो सकती है। इससे सर्दी का असर कम हो जाएगा और पाली जिले में न्यूनतम तापमान एक बार फिर 12 डिग्री सेल्सियस या उससे अधिक हो सकता है।
लोग उठा रहे गर्म पकवानों का लुत्फ
सर्दी के मौसम में लोग गर्म पकवानों का लुत्फ उठा रहे है। स्वास्थ्य के लिए बेहतर माने जाने वाले सर्द मौसम में लोग सुबह लड्डू के अलावा दूध-जलेबी व दूध-फीणी खाना पसंद कर रहे है। वहीं हल्दी की गोठों का भी कई जगह पर आयोजन किया जा रहा है।