पाली

Pali Accident: पत्नी को पीहर छोड़कर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, 4 बच्चों के सिर से उठा पिता साया

पाली जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं। पत्नी को उसके पीहर छोड़कर घर लौट रहे चार बच्चों के पिता की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। अस्पताल में शव पहुंचते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
2 min read
Jul 23, 2026
Pali Accident
Pali Accident: हादसे में घायल की जांच करते चिकित्सक (फोटो-पत्रिका)

पाली। जिले के जाडन क्षेत्र में गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक अपनी पत्नी को उसके पीहर छोड़कर वापस घर लौट रहा था, तभी ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उसके सिर में गंभीर चोट लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, जाडन निवासी परबतराम उर्फ परबत बावरी लकड़ी से कोयला बनाने का काम करता था। बुधवार को वह पत्नी और बच्चों के साथ सोजत क्षेत्र के मूथों की बासनी गांव स्थित अपनी ससुराल गया था। गुरुवार सुबह वह अकेला बाइक से अपने गांव लौट रहा था। सुबह करीब 10 बजे जाडन के पास रणिया बेरा के सामने हाईवे पर अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

शव परिजनों को सौंपा गया

सूचना मिलते ही जाडन चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पाली के बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस फरार वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी है।

भाई का शव देख बहन फूट-फूटकर रोने लगी

हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। अस्पताल पहुंची बहन भाई का शव देखते ही फूट-फूटकर रोने लगी। भाइयों और अन्य परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल हो गया। अस्पताल परिसर परिजनों की चीख-पुकार से गूंज उठा और वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।

यह वीडियो भी देखें :

पिता की बीमारी से हुई थी मौत

सबसे मार्मिक दृश्य तब सामने आया, जब मृतक की मां पानीदेवी ने खुद को संभालते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। उन्होंने कहा कि रोने से बेटा वापस नहीं आएगा। पहले उसके अंतिम संस्कार की जिम्मेदारी निभानी है। उन्होंने बताया कि करीब 10 साल पहले बीमारी के कारण उनके पति कलाराम का निधन हो गया था। पति की मौत के बाद उन्होंने मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण किया और बच्चों को बड़ा किया। अब बेटे की असमय मौत ने परिवार को फिर से गहरे सदमे में डाल दिया है।

4 बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

परबतराम अपने पीछे तीन बेटियां और एक बेटा छोड़ गया है। उसकी अचानक हुई मौत से चार मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। पूरे गांव में हादसे के बाद शोक का माहौल है, जबकि पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान कर आरोपी चालक तक पहुंचने के प्रयास में जुटी हुई है।

Updated on:
23 Jul 2026 06:25 pm
Published on:
23 Jul 2026 06:25 pm