पाली

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का आज सुमेरपुर दौरा, CM के आने से पहले ही रातों-रात संवार दी सड़कें

Rajasthan News: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को सुमेरपुर दौरे पर रहेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। वहीं उनके दौरे से पहले काफिले के मार्ग पर क्षतिग्रस्त सड़कों की रातों-रात मरम्मत करके उन्हें दुरुस्त कर दिया।
3 min read
• •
Updated: 20 Jun 2026, 8:25 AM IST
cm sumerpur visit
फोटो: पत्रिका

CM Bhajanlal Sharma Sumerpur Visit: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा शनिवार को सुमेरपुर दौरे पर रहेंगे। प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शहर से जुड़े प्रमुख मार्गों तथा मुख्यमंत्री के संभावित काफिले के गुजरने वाले रास्तों पर रातों-रात पेचवर्क और मरम्मत कार्य करवाया। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर मुख्यमंत्री विशिष्ट सचिव मुकुल शर्मा की ओर से जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री दोपहर 12:50 बजे नेतरा (सुमेरपुर) स्थित हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद 12:55 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेतरा के लिए रवाना होंगे। जहां पर दोपहर 1 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नेतरा पहुंचकर 1 बजे से 1:25 बजे तक ग्रामीण सेवा शिविर का अवलोकन करेंगे तथा वहां संचालित विभिन्न गतिविधियों की जानकारी लेंगे।

इसके बाद वे 1.25 बजे नेतरा से रवाना होकर 1.35 बजे टाउन हॉल, सुमेरपुर पहुंचेंगे। यहां वे दोपहर 1.35 बजे से 2.35 बजे तक शहरी सेवा शिविर का अवलोकन करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार दोपहर 2.35 बजे से 3.40 बजे तक समय आरक्षित रखा गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री शाम 3.45 बजे से 5.15 बजे तक टाउन हॉल में आयोजित ‘पीएम किसान उत्सव दिवस’ राज्य स्तरीय समारोह एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यक्रम में भाग लेंगे।

कार्यक्रम को लेकर कैबिनेट मंत्री व जिला कलेक्टर आवश्यक निर्देश देते हुए (फोटो: पत्रिका)

समारोह के बाद मुख्यमंत्री शर्मा शाम 5.30 बजे टाउन हॉल से नेतरा हेलीपेड के लिए प्रस्थान करेंगे तथा 5.40 बजे हेलीपेड पहुंचेंगे। इसके बाद शाम 5.45 बजे नेतरा हेलीपेड से प्रस्थान करेंगे। मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां अंतिम चरण में हैं तथा ग्रामीण एवं शहरी सेवा शिविरों के साथ पीएम किसान उत्सव दिवस कार्यक्रम को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री दौरे की तैयारियों का लिया जायजा

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर शुक्रवार को जिला प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया। पाली जिला कलक्टर डॉ. रविंद्र गोस्वामी एवं जिला पुलिस अधीक्षक मोनिका सेन ने नेतरा स्थित हेलीपेड, सभास्थल तथा सुमेरपुर टाउन हॉल पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अधिकारियों ने मुख्यमंत्री के आगमन से लेकर कार्यक्रम स्थल तक की व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इसके बाद टाउन हॉल में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक कर विभिन्न व्यवस्थाओं और जिम्मेदारियों पर चर्चा की गई। निरीक्षण के दौरान कैबिनेट मंत्री जोराराम कुमावत, भाजपा जिला अध्यक्ष भी मौजूद रहे। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष नाहरसिंह जोधा, जिला संयोजक शिवराज सिंह बिठिया, जिला उपाध्यक्ष पूनमसिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सेन सिंह महेचा, पुलिस उपअधीक्षक जितेंद्र सिंह राठौड़ सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे से पहले रातों-रात संवारी गई सड़कें

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रशासन और संबंधित विभागों ने तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मुख्यमंत्री के आगमन मार्ग पर आने वाली सड़कों को दुरुस्त करने का कार्य युद्धस्तर पर किया गया। शहर से जुड़े प्रमुख मार्गों तथा मुख्यमंत्री के संभावित काफिले के गुजरने वाले रास्तों पर रातों-रात पेचवर्क और मरम्मत कार्य करवाया गया।

सर्विस रोड पर किया पेचवर्क (फोटो: पत्रिका)

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री हेलिपैड से सुमेरपुर टाउन हॉल तक पहुंचेंगे। इसे देखते हुए मार्ग में पड़ने वाली क्षतिग्रस्त सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर सुधारा गया। विशेष रूप से पोमावा पुलिया के पास नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर लंबे समय से क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत की गई। कई स्थानों पर सड़क की ऊपरी परत पूरी तरह उखाड़कर नया डामर बिछाया गया, जबकि अन्य जगहों पर गड्ढों को भरकर पेचवर्क किया गया।

फोटो: पत्रिका

स्थानीय लोगों का कहना है कि जिन सड़कों की हालत लंबे समय से खराब थी, उन पर मुख्यमंत्री के दौरे की तैयारियों के बीच अचानक मरम्मत कार्य शुरू हो गया। इससे मार्ग की स्थिति में सुधार तो हुआ है, लेकिन लोगों का सवाल है कि आम दिनों में भी ऐसी सड़कों की समय पर मरम्मत होनी चाहिए।

Updated on:
20 Jun 2026, 8:25 AM IST
Published on: