
पाली। सिरोही जिले के पिंडवाड़ा क्षेत्र में गुरुवार सुबह करीब 10 बजे पाली के कपड़ा व्यापारी मामा-भांजे की सड़क हादसे में मौत हो गई। रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भुजेला हाईवे पर तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रेलर में जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों गाड़ी में बुरी तरह फंस गए तथा हादसे में पाली निवासी पंकज सांड व यश चौपड़ा की मौत हो गई। लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद उन्हें बाहर निकाला। इसके बाद अस्पताल पहुंचाया, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों अहमदाबाद में कपड़ा प्रोसेस करवाने जा रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही रोहिड़ा थानाधिकारी ओमकरण मय पुलिस टीम पहुंचे।
पुलिस के अनुसार पाली के देवजी का बास निवासी पंकज सांड (43) पुत्र सम्पतराज सांड अपने भांजे पाली के डेंडों का बास निवासी यश (22) पुत्र मुकेश चौपड़ा के साथ गुरुवार सुबह 5 बजे कार से अहमदाबाद रवाना हुए थे। भुजेला हाईवे पर अचानक मवेशी आ गए। जिन्हें बचाने के लिए जैसे ही कट लिया कार आगे चल रहे ट्रेलर से टकरा गई। गाड़ी पंकज चला रहे थे जबकि यश पास वाली सीट पर बैठा था। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों एयरबैग खुल गए। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची तथा दोनों को कार से बाहर निकाला। सूचना पर पाली से उगमराज सांड सहित कई रिश्तेदार भी मौके पर पहुंचे। शाम को दोनों के शव टैगोर नगर लेकर आए।
रिश्तेदार उगमराज सांड ने बताया कि पंकज सांड की पुनायता औद्योगिक क्षेत्र में कपड़ा फैक्ट्री है। फिलहाल इंडस्ट्रीज की स्थिति अच्छी नहीं होने से कारोबारियों के सामने चुनौतियां हैं। इसी सिलसिले में पंकज अपने भांजे यश के साथ कपड़ा प्रोसेस करवाने के संबंध में अहमदाबाद जा रहे थे, लेकिन रास्ते में हादसे ने दोनों की जिंदगी छीन ली। पंकज के परिवार में 16 वर्षीय बेटा दर्शन और 20 वर्षीय बेटी हनी हैं। वहीं, यश अविवाहित था।
तेज रफ्तार वाहनों और भारी वाहनों के बीच बढ़ते हादसे फिर चिंता का कारण बन रहे हैं। भुजेला हाईवे पर हुए इस हादसे ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है। उन्हें यकीन नहीं हो रहा था कि सुबह दोनों घर से राजी खुशी निकले और देर शाम तक पाली आने का कह कर गए थे। दिवाली से पहले हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।