
पाली.
तखतगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती ने एक युवक के खिलाफ तीन साल तक बलात्कार करने, उससे शादी नहीं करने पर अश्लील वीडियो बनाकर फोटोग्राफ्स के साथ सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में मामला दर्ज करवाया है। तखतगढ़ थाना पुलिस ने पॉक्सो का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एसपी से शिकायत-शादी के दिन वीडियो वायरल करने का आरोप
तखतगढ़ थाना पुलिस के अनुसार तखतगढ़ क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली पीडि़ता ने बताया कि वर्ष 2015 में वह आठवीं कक्षा में पढ़ती थी। उस समय चाणौद निवासी चेतन पुत्र मगाराम घांची उसे चाकू दिखाकर खेत में ले गया तथा उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी लगातार धमकियां देकर उसके साथ बलात्कार करता रहा। इस दौरान आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो तथा फोटोग्राफ्स भी बना लिए। तीन साल तक उसके साथ बलात्कार किया। बालिग होने पर लडक़ी के परिजनों ने उसकी शादी अन्य युवक के साथ कर दी।
इस बीच आरोपी ने उस पर शादी करने का कथित रूप से दबाव बनाना शुरू कर दिया। युवती ने उसके साथ शादी नहीं की। एेसे में युवती की शादी वाले दिन आरोपी ने उसके अश्लील वीडियो व फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए और उसके पति को भी भेजे। एडवोकेट गजेन्द्र सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में युवती ने इसकी शिकायत पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा से की। एसपी के निर्देश पर आरोपी चेतन के खिलाफ तखतगढ़ थाने में मामला दर्ज करवाया गया है। युवती का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।