पाली

Pali Road Accident: पाली में सड़क हादसा, शादी समारोह से लौट रहे दंपती को ट्रक ने मारी टक्कर, पत्नी की मौत

Pali Bike Truck Accident: पाली जिले में हुए सड़क हादसे में एक महिला की पति के सामने ही मौत हो गई। शादी समारोह से लौट रहे दंपती की बाइक को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे पत्नी की मौके पर ही जान चली गई और पति घायल हो गया।
2 min read
• •
Jun 21, 2026
pali road accident
हादसे के बाद खड़ा ट्रक और पुलिस। फोटो- पत्रिका

पाली। सदर थाना क्षेत्र के रामसिया गांव स्थित ब्यावर-पिंडवाड़ा नेशनल हाईवे पर रविवार दोपहर एक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति गंभीर घायल हो गया। हादसा तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से हुआ। पुलिस ने ट्रक जब्त कर जांच शुरू की है। एएसआई मोहनलाल गुर्जर ने बताया कि खौड़ गांव के कल्याणपुरा निवासी मांगीलाल (65) पुत्र देवाराम मेघवाल अपनी पत्नी सुखीदेवी (55) के साथ दूदिया गांव में रिश्तेदारी में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे।

यह वीडियो भी देखें

बाइक से लौट रहे थे गांव

रविवार दोपहर दोनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रामसिया गांव के निकट पीछे से तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर दूर तक घसीटते चले गए। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी सुखीदेवी के गंभीर चोटें आने से मौत हो गई, जबकि मांगीलाल गंभीर घायल हो गए। सूचना पर सदर थाना प्रभारी कपूराराम चौधरी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मृतका के शव को बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया तथा घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर परिजन और रिश्तेदार अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने बताया कि मृतका का एक पुत्र बेंगलूरु से सोमवार को पाली पहुंचेगा। इसके बाद पोस्टमार्टम कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद चालक-खलासी की पिटाई

हादसे के बाद मौके पर काफी ग्रामीण और राहगीर जमा हो गए। आक्रोशित लोगों ने ट्रक चालक और खलासी की पिटाई कर दी। पुलिस ने दोनों को भीड़ से छुड़ाया और अपने साथ ले गई। बाद में ट्रक जब्त कर चालक-खलासी का बांगड़ अस्पताल में मेडिकल करवाया।

पहले भी हुआ हादसा

गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले पाली जिले में जाडन टोल नाके पर ट्रेलर चालक ने आरटीओ के गार्ड को कुचल दिया था। हादसे में गार्ड रामलाल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं ट्रेलर चालक मौके से भाग छूटा। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। मौके से भागे ट्रेलर चालक को पुलिस ने नाकेबंदी कर सोजत में दबोचा लिया। घटना जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-162 पर जाडन टोल प्लाजा के पास रात करीब 1 बजे की है। जब प्रादेशिक परिवहन निरीक्षक के साथ टीम देर रात वाहनों की चैकिंग कर रही थी। तभी ट्रेलर चालक ने गार्ड रामलाल मेघवाल को कुचल दिया।

Updated on:
21 Jun 2026 07:19 pm
Published on:
21 Jun 2026 02:42 pm