
Panna Collector Harsh Singh: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह पदभार संभालते ही एक्शन मूड में नजर आए। मंगलवार सुबह सबसे पहले कलेक्टर हर्ष सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान दीवारों पर पीक के निशान और गंदगी देखकर वे नाराज हो गए और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश अधिकारी-कर्मचारियों को दिए। इस दौरान जिला निर्वाचन कार्यालय के पास गैलरी में खड़ी कंडम होती जीप को लेकर भी कलेक्टर हर्ष सिंह ने सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि वाहन यहां क्यों खड़ा है और इसके संबंध में क्या कार्रवाई की गई है।
औचक निरीक्षण पर निकले नवागत कलेक्टर हर्ष सिंह ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों और शाखाओं में पहुंचकर व्यवस्थाएं देखीं। उन्होंने अधीक्षक शाखा, विधि, आवक-जावक, सामान्य, वित्त और भू-अर्जन शाखाओं में अभिलेखों तथा पंजियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कलेक्टर ने अधिकारियों-कर्मचारियों को रिकॉर्ड व्यवस्थित रखने, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने और पुराने अभिलेखों का दुरुस्तीकरण कराने के निर्देश दिए। तो कंडम वाहनों और अनुपयोगी सामग्री को नियमानुसार अपलेखित करने पर भी जोर दिया।
ई-दक्ष केंद्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर हर्ष सिंह ने शासकीय सेवकों के प्रशिक्षण की जानकारी ली और प्रशिक्षक वैभव सोनी सहित प्रशिक्षणार्थियों से चर्चा की। जिला कोषालय में देयकों के प्रस्तुतीकरण और पारित करने की प्रक्रिया समझते हुए वित्तीय मामलों में पारदर्शिता बरतने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार न्यायालयों में लंबित राजस्व प्रकरणों की स्थिति जानी। जिला आपूर्ति अधिकारी कार्यालय में आगामी फसल उपार्जन के लिए किसान पंजीयन की जानकारी ली। भू-अभिलेख ड्राइंग शाखा में पुराने राजस्व दस्तावेजों की स्कैनिंग का निरीक्षण कर गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में कार्य पूरा करने को कहा।