पन्ना

MP को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात, फुलवारी–देवेंद्रनगर रेलखंड पर ट्रायल रन सफल

Lalitpur-Singrauli rail project: फुलवारी–देवेंद्रनगर के बीच निर्मित नये रेलखंड पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त की विशेष ट्रेन का ट्रायल रन किया गया। रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने सुबह फुलवारी स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण प्रक्रिया की शुरुआत की।

2 min read
Jun 10, 2026
CRS special train runs on Phulwari-Devendranagar rail section under Lalitpur-Singrauli rail project
Trial Run on Phulwari-Devendranagar Rail Section फुलवारी–देवेंद्रनगर रेलखंड पर ट्रायल रन सफल (फोटो सोर्स- Patrika)

Phulwari-Devendranagar rail section: मध्य प्रदेश को ललितपुर-सिंगरौली रेल परियोजना (Lalitpur-Singrauli rail project) के अंतर्गत बुधवार को रेल कनेक्टिविटी की बड़ी सौगात मिली है। पन्ना जिले में फुलवारी–देवेंद्रनगर के बीच निर्मित नये रेलखंड पर रेलवे सुरक्षा आयुक्त की विशेष ट्रेन का ट्रायल रन सफलतापूर्वक हुआ। लगभग 6.90 किलोमीटर लंबे इस नए रेल सेक्शन की सुरक्षा, तकनीकी गुणवत्ता और परिचालन क्षमता का गहन परीक्षण किया गया। इसमें ट्रैक सभी मानकों पर खरा उतरता दिखाई दिया। ट्रायल रन की सफलता के बाद इस रेलखंड पर यात्री ट्रेनों के संचालन की उम्मीदें और प्रबल हो गई हैं। रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने सुबह फुलवारी स्टेशन पहुंचकर निरीक्षण प्रक्रिया की शुरुआत की।

रेलवे अधिकारियों ने किया निरीक्षण

सबसे पहले अधिकारियों के साथ तकनीकी बैठक आयोजित हुई, जिसमें परियोजना से जुड़े दस्तावेजों, निर्माण गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की समीक्षा की गई। इसके बाद निरीक्षण विशेष ट्रेन फुलवारी से देवेंद्रनगर के लिए रवाना हुई और पूरे सेक्शन का बारीकी से परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान सीआरएस ने ट्रैक की ज्योमेट्री, रेल पटरियों की गुणवत्ता, सिग्नलिंग सिस्टम, दूरसंचार नेटवर्क, पुल-पुलियों तथा अन्य संरचनात्मक व्यवस्थाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। मोटर ट्रॉली के माध्यम से भी रेलखंड का विस्तृत निरीक्षण किया गया, जिससे ट्रैक की स्थिरता और सुरक्षा संबंधी पहलुओं का प्रत्यक्ष परीक्षण संभव हो सका।

देवेंद्रनगर से शुरू हुआ ट्रायल रन

दिन के दूसरे चरण में देवेंद्रनगर स्टेशन का निरीक्षण किया गया तथा नए रेलखंड पर स्पीड ट्रायल आयोजित किया गया। रेलवे अधिकारियों द्वारा उपलब्ध कराए गए उच्च क्षमता वाले डीजल इंजन की सहायता से ट्रैक की गति सहनशीलता और सुरक्षा मानकों की जांच की गई। ट्रायल के दौरान रेल लाइन का प्रदर्शन संतोषजनक रहा और किसी प्रकार की तकनीकी बाधा सामने नहीं आई। निरीक्षण के दौरान पश्चिम मध्य रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, इंजीनियर, तकनीकी विशेषज्ञ तथा विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए आरपीएफ और स्थानीय प्रशासन की भी तैनाती की गई थी।

क्षेत्र में पहली बार पहुंची ट्रेन, लोगों ने मनाई खुशियां

इस सफल ट्रायल रन को पन्ना जिले के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। रेल सेवा शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी, वहीं व्यापार, पर्यटन और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होंगे। अब सभी की निगाहें रेलवे सुरक्षा आयुक्त की अंतिम रिपोर्ट पर टिकी हैं। यदि रिपोर्ट में रेलखंड को मंजूरी मिलती है तो फुलवारी–देवेंद्रनगर सेक्शन पर जल्द ही यात्री ट्रेनों की सीटी सुनाई दे सकती है, जिससे लंबे समय से रेल संपर्क की प्रतीक्षा कर रहे पन्ना जिले के लोगों का सपना साकार होने की ओर बढ़ जाएगा।

Published on:
10 Jun 2026 04:58 pm