पन्ना

एमपी में केन-बेतवा परियोजना के लिए 8 गांवों की जमीन अधिग्रहित, 1479 मकानों का मुआवजा तय

Ken-Betwa Link Project: केन-बेतवा परियोजना में पन्ना टाइगर रिजर्व के 8 गांवों से 644 खातेदारों की 693 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित। 1479 मकान प्रभावित, भूमि-मकान-पुनर्वास के लिए करोड़ों का मुआवजा वितरित।
2 min read
• •
Updated: 30 Oct 2026, 3:15 PM IST
केन-बेतवा लिंक परियोजना, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)
केन-बेतवा लिंक परियोजना, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source - Patrika)

Ken-Betwa Link Project: केन-बेतवा लिंक परियोजना के अंतर्गत दौधन बांध निर्माण के लिए एमपी में पन्ना जिले के पन्ना टाइगर रिजर्व के कोर क्षेत्र में शामिल आठ गांवों की भूमि और आवासीय परिसंपत्तियों से जुड़े आंकड़े सामने आए हैं।परियोजना के लिए 644 खातेदारों की निजी भूमि का अधिग्रहण किया गया है। वहीं, 1479 मकानों को प्रभावित श्रेणी में दर्ज किया गया है। प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए भी करोड़ों रुपए का पैकेज निर्धारित कर बड़ी राशि वितरित की गई है। भूमि अधिग्रहण, मकानों के मुआवजे और पुनर्वास पैकेज के आंकड़े परियोजना से जुड़ी आर्थिक प्रक्रिया का विस्तृत विवरण प्रस्तुत करते हैं।

तीन मदों में करोड़ों रुपए की आर्थिक प्रक्रिया

केन-बेतवा लिंक राष्ट्रीय परियोजना के अंतर्गत पन्ना जिले में भूमि अधिग्रहण, मकानों के मुआवजे और पुनर्वास पैकेज के आंकड़े अलग-अलग मदों में किए गए वित्तीय प्रावधान और वितरण की जानकारी देते हैं। निजी भूमि के लिए 92.98 करोड़ रुपए, प्रभावित मकानों के लिए 65.45 करोड़ रुपए और पुनर्वास पैकेज के लिए 179.375 करोड़ रुपए निर्धारित किए गए हैं। इन मदों में वितरित राशि क्रमशः 85.78 करोड़, 62.83 करोड़ और 169.25 करोड़ रुपए की राशि का वितरण किया गया है।

644 लोगों की 693.85 हेक्टेयर भूमि अधिग्रहित

परियोजना के लिए आठ प्रभावित गांवों में कुल 644 खातेदारों की 693.85920 हेक्टेयर निजी भूमि अधिग्रहित की गई है। इस भूमि के लिए कुल 92.98 करोड़ रुपए का मुआवजा निर्धारित किया गया। इसमें से 85.78 करोड़ रुपए का भुगतान किया जा चुका है। इस प्रकार भूमि अधिग्रहण के लिए निर्धारित मुआवजे और वितरित राशि का विवरण परियोजना से जुड़ी भूमि संबंधी आर्थिक प्रक्रिया को दर्शाता है।

मकानों के लिए 62.83 करोड़ रुपए का मुआवजा वितरित

केन बेतवा लिंक परियोजना से प्रभावित आवासीय परिसंपत्तियों के आंकड़ों में कुल 1479 मकान दर्ज हैं। इन मकानों के लिए 65.45 करोड़ रुपए की मुआवजा राशि निर्धारित की गई थी। इसमें से 62.83 करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं। कार्रवाई अभी प्रक्रिया में में है। मकानों के मुआवजे से संबंधित ये आंकड़े प्रभावित क्षेत्र में आवासीय परिसंपत्तियों के बदले निर्धारित आर्थिक सहायता और उसके वितरण की स्थिति को सामने रखते हैं।

पुनर्वास के लिए 169.25 करोड़ रुपए का वितरण

परियोजना से प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए एकमुश्त पैकेज निर्धारित है। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, प्रति परिवार 12.50 लाख रुपए के मान से 1435 परिवारों के लिए कुल 179.375 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई। इसमें से 169.250 करोड़ रुपए वितरित किए जा चुके हैं। पुनर्वास पैकेज के अंतर्गत स्वीकृत राशि और वितरण का यह विवरण प्रभावित परिवारों के लिए निर्धारित आर्थिक सहायता के पैमाने को स्पष्ट करता है।

Updated on:
30 Oct 2026, 3:15 PM IST
Published on: