
पन्ना। मध्यप्रदेश का पन्ना जिला कानून व्यवस्था के मामले में डायमंड बनकर उभरा है। बताया गया कि पुलिस हेड क्वार्टर भोपाल द्वारा प्रदेश के सभी जिलों और रेल एसपी के माह जुलाई से सितंबर तक की कार्यप्रणाली के आधार पर तीन टॉप जिलों के एसपी की रेटिंग जारी की गई है। इसमें पन्ना जिले के एसपी रियाज इकबाल को 72.7 फीसदी अंकों के साथ प्रदेश में दूसरा स्थान मिला है। जबकि एसपी मंदसौर मनोज कुमार सिंह 72.9 फीसदी अंकों के साथ पहले स्थान पर रहे हैं।
पांच बिंदुओं पर अंक वितरित कर निगरानी
वहीं 71.6 फीसदी अंकों के साथ धार एसपी वीरेंद्र कुमार सिंह तीसरे स्थान पर रहे हैं। जानकारी के अनुसार पुलिस हेड क्वार्टर द्वारा इस साल प्रदेश के सभी एसपी के कार्यप्रणाली की पांच बिंदुओं पर अंक वितरित कर निगरानी की गई। इसके तहत महिलाओं के विरुद्ध अपराध और अनुसूचित जाति, जनजाति के लोगों के विरुद्ध अपराध में कमी लाने के लिए 30 अंक निर्धारित किए गए थे।
असूचना संकलन के लिए 25 अंक
इसके अलावा कानून व्यवस्था एवं असूचना संकलन के लिए 25 अंक, प्रशासन-योजना प्रबंध, प्रशिक्षण, कल्याण व शिकायत (इन शाखाओं से संबंधित कार्य निरीक्षण, मानव संसाधन एवं बजट का युक्तियुक्त उपयोग) के लिए 20 अंक, दुर्घटनाओं पर नियंत्रण के लिए 5 अंक, क्षेत्रीय पुलिस महानिरीक्षक के मूल्यांकन पर 10 अंक और 10 अंक पुलिस महानिदेशक के 360 डिग्री मूल्यांकन के लिए निर्धारित किए गए थे।
बेहतर संसाधनों वाले जिले के एसपी को भी मात
पन्ना एसपी रियाज इकबाल का कार्य सभी क्षेत्र में बेहतर रहा है। इससे उन्होंने प्रदेश के बड़े और बेहतर संसाधनों वाले जिले के एसपी को भी मात देकर प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया। इसके साथ ही पुलिस महानिदेशक ऋषि कुमार शुक्ला ने प्रदेश के सभी एसपी से आगामी तिमाही में बेहतर काम करने की अपेक्षा की है। साथ ही प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन कर प्रथम तीन स्थान पाने वाले प्रदेश के तीनों एसपी को शुभकामनाएं दी है।