
Panna Pind Daan Accident: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के देवेंद्रनगर में पिंडदान करने जा रहे एक 65 वर्षीय बुजुर्ग की सड़क हादसे में मौत हो गई। बुजुर्ग रोजाना की तरह गुरुवार को बाइक से पिंडदान करने के लिए जा रहे थे तभी बड़ागांव के पास एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद घायल हालत में बुजुर्ग को अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक 65 वर्षीय मुन्नालाल सोनकर गुरुवार सुबह करीब 6.30 बजे घर से राजदहार में पिंडदान करने के लिए बाइक से निकल थे। कुछ देर बाद वो जैसे ही बड़ागांव के पहले जय हिंद पटेल के ढाबे के पास पहुंचे तभी तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक मौत हो चुकी थी। जिस ट्रक ने मुन्नालाल सोनकर की बाइक को टक्कर मारी उसका नंबर ओडी 23 आर 7957 बताया गया है।
घटना की जानकारी पड़ोसी शिरीष सेन ने मृतक के बेटे रामनरेश सोनकर को फोन पर दी। रामनरेश जबलपुर में एमपीईबी में नौकरी करते हैं। सूचना मिलते ही वे जबलपुर से देवेंद्रनगर पहुंचे और अस्पताल में पिता का शव स्ट्रेचर पर देखा। रामनरेश के अनुसार, उनके पिता के सिर में गंभीर चोट लगी थी और खून निकला था। उन्होंने पुलिस को बताया कि घटनास्थल पर दुर्घटना करने वाला ट्रक खड़ा था और उसकी नंबर प्लेट पर ओडी 23 आर 7957 लिखा था। फरियादी ने आरोप लगाया कि ट्रक चालक तेज गति, लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था, जिसके कारण टक्कर हुई। पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 281, 106(1) तथा मोटर वाहन अधिनियम की धारा 184 के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।