
Panna Wife Lover Attack Husband: मध्यप्रदेश के पन्ना जिले के पवई से एक चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने 14 जुलाई की रात घर में सो रहे युवक पर हुए हत्या के प्रयास के मामले का सनसनीखेज खुलासा किया है। युवक पर हमला उसकी ही पत्नी ने अपने प्रेमी के जरिए कराया था। मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वहीं उसका प्रेमी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
घटना 14 जुलाई की रात की है। थाना पवई क्षेत्र के कृष्णगढ़ निवासी चंद्रभान लोधी ने बताया, उसका छोटा भाई कृष्ण कुमार लोधी पत्नी के साथ कमरे में था। इसी दौरान कृष्ण कुमार पर गैंती से शरीर के अलग-अलग हिस्सों में कई हमले किए गए। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने तत्काल उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। वर्तमान में घायल का उपचार जारी है।
थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार अहिरवार ने बताया, पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों को जुटाया। विवेचना के दौरान पुलिस को साक्ष्यों के आधार पर घायल की पत्नी की भूमिका संदिग्ध नजर आई। इसके बाद पुलिस ने महिला से गहन पूछताछ की, जिसमें उसने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। पूछताछ में आरोपी महिला ने पुलिस को बताया, उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और अपमानित करता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी।
आरोपी पत्नी ने पुलिस को बताया कि पति की प्रताड़ना से वो परेशान थी और इसी बीच उसके एक अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध बन गए थे। फिर उसने प्रेमी के साथ मिलकर पति कृष्ण कुमार की हत्या की साजिश रची। उसने घटना वाली रात जब पति सो गया तो प्रेमी को घर में बुलाया और गैंती से उस पर कई वार करवाए, लेकिन समय पर इलाज मिलने से उसकी जान बच गई। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है जबकि उसका प्रेमी अभी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है।