
Panna News : प्रकृति की दुनिया भी अजीबोगरीब जीवों से भरी पड़ी है। कुछ जीव ऐसे हैं, जिनकी विशेषताएं वैज्ञानिकों को भी हैरान करती हैं। ऐसा ही एक अनोखा सर्प ब्राह्मिनी ब्लाइंड स्नेक बुधवार शाम को मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के प्रसिद्ध मानसूनी पर्यटन स्थल परिसर बृहस्पति कुंड में नजर आया। केंचुए जैसा दिखने वाला ये छोटा सा सांप अपनी अनूठी जैविक विशेषताओं के कारण खास पहचान रखता है। इसे आम बोलचाल में फूलों की क्यारी वाला सांप भी कहा जाता है।
ब्राह्मिनी ब्लाइंड स्नेक की सबसे खास विशेषता इसका प्रजनन है। इस प्रजाति में पार्थेनोजेनेसिस नामक प्रक्रिया से प्रजनन होता है, जिसमें मादा बिना नर के निषेचन के अंडे विकसित कर सकती है। इस प्रजाति के ज्ञात जीव मादा होते हैं। यही विशेषता इसे दूसरे सांपों से अलग बनाती है।
दुनिया के सबसे छोटे सांपों में शामिल यह सांप आकार में बेहद छोटा होता है। इसका शरीर काले या गहरे भूरे रंग का, चमकदार और केंचुए जैसा दिखाई देता है। छोटी आंखों के कारण इसे ब्लाइंड स्नेक कहा जाता है। ये दुनिया के अनेक उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों में पाया जाता है और इंसानी गतिविधियों के साथ कई नए क्षेत्रों तक भी पहुंच चुका है।
ब्राह्मिनी ब्लाइंड स्नेक विषहीन होता है और सामान्यतः इंसानों के लिए खतरा नहीं माना जाता। यह चींटियों, दीमकों और उनके अंडों सहित छोटे कीटों को खाकर पारिस्थितिकी संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। इसे हाथ में उठाने या परेशान करने से बचना चाहिए। बृहस्पति कुंड में इसकी मौजूदगी क्षेत्र की जैव विविधता के लिहाज से भी महत्वपूर्ण है।
उत्तर वन मंडल के एसडीओ कृष्णा मरावी का कहना है कि, ब्राह्मिनी ब्लाइंड स्नेक विषहीन प्रजाति का सांप है, जो इंसानों के लिए खतरनाक नहीं है। ये दुनिया का अनोखा सांप है। ये चींटी, दीमक और उनके अंडे खाकर पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। इसे पकड़ने या परेशान करने के बजाय सुरक्षित रहने देना चाहिए।