पटना

Bankipur By Election: बांकीपुर में प्रशांत किशोर की एंट्री तय! अब BJP किसे उतारेगी मैदान में?

Bankipur By Election: चुनाव आयोग ने पटना की हाई-प्रोफाइल बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की घोषणा कर दी है। 30 जुलाई को मतदान और 3 अगस्त को मतगणना होगी। जन सुराज के सूत्रों के अनुसार, प्रशांत किशोर इस सीट से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। बीजेपी नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी।
2 min read
Jul 02, 2026
prashant kishor on voters of bjp in bihar
जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर

Bankipur By Election: चुनाव आयोग ने गुरुवार को पटना की सबसे हाई-प्रोफाइल विधानसभा सीटों में से एक बांकीपुर विधानसभा सीट पर उपचुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। चुनाव आयोग की घोषणा के साथ ही जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भी बीजेपी के खिलाफ अपनी चुनावी तैयारी तेज कर दी है। जन सुराज के सूत्रों के मुताबिक, बांकीपुर उपचुनाव में पार्टी की ओर से प्रशांत किशोर ही उम्मीदवार होंगे। इस सीट पर 30 जुलाई को मतदान होगा, जबकि 3 अगस्त को मतगणना के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे।

बीजेपी नेता नितिन नवीन के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हुई थी। तभी से इस सीट को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज थी। अब चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही नए विधायक के चुनाव की प्रक्रिया औपचारिक रूप से शुरू हो गई है।

बांकीपुर से लड़ेंगे प्रशांत किशोर!

जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने कुछ दिन पहले कहा था कि यदि उनके चुनाव लड़ने से बीजेपी बांकीपुर जैसी मजबूत सीट हारती है, तो वह चुनाव लड़ने के लिए तैयार हैं। जन सुराज के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक कमल किशोर ने भी संकेत दिया कि पार्टी यह चुनाव न सिर्फ लड़ेगी, बल्कि जीतेगी भी। जब उनसे पूछा गया कि उम्मीदवार कौन होगा, तो उन्होंने कहा, "जिसकी चर्चा हो रही है, वही चुनाव लड़ेंगे।"

कमल किशोर के इस बयान के बाद लगभग साफ हो गया है कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जन सुराज की ओर से प्रशांत किशोर ही उम्मीदवार होंगे। उनके मैदान में उतरने से यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने की संभावना है। वहीं, बीजेपी ने अब तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, जबकि तेज प्रताप यादव सबसे पहले अपनी पार्टी के उम्मीदवार के नाम का ऐलान कर चुके हैं।

बीजेपी के गढ़ में बढ़ी चुनावी सरगर्मी

नितिन नबीन के राज्य सभा जाने के बाद बांकीपुर विधानसभा सीट खाली हुई है। इस सीट से नितिन नवीन का करीब 31 वर्षों पुराना रिश्ता रहा है। पहले उनके पिता इस सीट का प्रतिनिधित्व करते थे और उनके निधन के बाद नितिन नवीन लगातार यहां से जीत दर्ज करते रहे हैं। बांकीपुर विधानसभा सीट को बीजेपी का मजबूत गढ़ माना जाता है। यही वजह है कि प्रशांत किशोर और उनकी पार्टी चुनाव लड़ने से पहले यहां पूरी ताकत झोंक रही है। हालांकि, नितिन नबीन के राज्यसभा जाने के बाद बीजेपी के कई बड़े नेता भी इस सीट पर अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। मौजूदा सांसद से लेकर पूर्व विधायक तक, कई नेता अपने परिवार के लिए राजनीतिक जमीन तैयार करने में जुट गए हैं।

नितिन नबीन के उत्तराधिकारी की तलाश तेज

नितिन नवीन की जगह बांकीपुर सीट पर नेशनल मीडिया में पार्टी के मजबूत चेहरे के रूप में पहचान रखने वाले अजय आलोक के साथ साथ भाजपा नेता और धार्मिक न्यास बोर्ड के अध्यक्ष रणवीर नंदन के नाम की चर्चा है। रणवीर नंदन कुछ दिन पहले नीतीश कुमार से भी मिले थे।

Updated on:
02 Jul 2026 07:08 pm
Published on:
02 Jul 2026 06:11 pm