पटना

अभिषेक की उम्मीदवारी वापसी पर PK का बड़ा हमला, वीडियो की चर्चा के बीच बोले- ‘BJP का अभेद्य किला ढहने लगा’

Bankipur By Election: बांकीपुर उपचुनाव में भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार के नाम वापस लेने पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अगर कोई वीडियो है तो वह सामने आएगा और भाजपा का भ्रम टूट जाएगा।
2 min read
Jul 10, 2026
Prashant Kishor jan suraaj
प्रशांत किशोर(फोटो-ANI)

Bankipur By Election:बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा (BJP) के आधिकारिक उम्मीदवार अभिषेक कुमार द्वारा उम्मीदवारी वापस लिए जाने पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, "भागने से काम नहीं चलेगा। अगर कोई वीडियो है, तो वह सामने आएगा। बस उसका इंतजार कीजिए।" प्रशांत किशोर ने दावा किया, "पहले लोग भाजपा के डर से चुनावी मैदान छोड़ देते थे। यह पहला मौका है जब भाजपा का कोई उम्मीदवार अपनी पोल खुलने के डर से पीछे हट रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "सम्राट चौधरी, दिलीप जायसवाल, अशोक चौधरी और मंगल पांडेय की भी पोल खुल चुकी है। जो भी गलत करेगा, उसकी सच्चाई सामने आकर रहेगी।"

BJP का अभेद्य किला ढहने लगा

उन्होंने आगे कहा, "जनबल के आगे कोई बल नहीं चलता। अब तक भाजपा दूसरे दलों के नेताओं को सीबीआई और ईडी का डर दिखाती थी और लोग उस दबाव में पीछे हट जाते थे। लेकिन यह पहला मौका है जब चुनाव की शुरुआत में ही भाजपा का अपना उम्मीदवार मैदान छोड़कर चला गया।" भाजपा पर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, "बांकीपुर को भाजपा अपना अभेद्य किला मानती रही है। उसे लगता था कि यहां से वह जिसे भी उम्मीदवार बनाएगी, उसकी जीत तय होगी। कम से कम इस चुनाव में उसका यह भ्रम जरूर टूट गया।" जब उनसे पूछा गया कि क्या भाजपा आपसे डर गई है? इस पर प्रशांत किशोर ने जवाब दिया, "भाजपा मुझसे नहीं, बल्कि बांकीपुर की जनता से डर गई है।"

PK का BJP पर तंज, 'गढ़' को लेकर घेरा

बांकीपुर को भाजपा का गढ़ माने जाने पर टिप्पणी करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि जो लोग कभी दावा करते थे कि इस सीट पर भाजपा को चुनौती देने की किसी में हिम्मत नहीं है, वे अब खुद नया उम्मीदवार तलाशने में जुटे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिसे पहले टिकट दिया था, उसने चुनाव से अपनी उम्मीदवारी वापस ले ली और अब पार्टी आनन-फानन में दूसरे उम्मीदवार (नीरज कुमार सिन्हा) को मैदान में उतार रही है।


Updated on:
10 Jul 2026 10:25 pm
Published on:
10 Jul 2026 08:47 pm